हमसे जुड़े

Follow us

15.8 C
Chandigarh
Tuesday, March 17, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान अधिशासी अभियं...

    अधिशासी अभियंता पर विकेट उखाड़ने व अभद्र व्यवहार का आरोप

    Hanumangarh News
    अधिशासी अभियंता पर विकेट उखाड़ने व अभद्र व्यवहार का आरोप

    गणतंत्र दिवस आयोजन के दौरान की बताई जा रही घटना, कर्मचारियों में आक्रोश

    हनुमानगढ़। गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित निगम स्तरीय खेल प्रतियोगिता के दौरान राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता पर विकेट उखाड़ने, अभद्र व्यवहार करने और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगा है। शुक्रवार को राजस्थान विद्युत प्रसारण मजदूर कांग्रेस (इंटक) के सदस्यों ने निगम के अधीक्षण अभियंता को संभागीय मुख्य अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर हुए क्रिकेट मैच के प्रारंभ होते ही अधिशासी अभियंता वीरेन्द्र सिंह बेनीवाल क्रिकेट पिच से विकेट उखाड़कर अपने निजी वाहन में डालकर ले गए। यह कृत्य एक बार नहीं बल्कि जानबूझकर दो बार किया गया, जिसकी संपूर्ण वीडियोग्राफी उपलब्ध है। Hanumangarh News

    घटना के समय अधीक्षण अभियंता कन्हैयालाल डांगी भी मौके पर मौजूद थे, किंतु उन्होंने मूकदर्शक बने रहकर अधिशासी अभियंता को रोकने का प्रयास नहीं किया। संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस घटनाक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता ने कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात की तथा खुलेआम धमकी दी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि क्रिकेट पिच को जेसीबी से उखाड़ दिया जाएगा। इसके साथ ही खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का आकस्मिक अवकाश भी एकतरफा रूप से लगा दिया, जो निगम नियमों का खुला उल्लंघन है। संगठन पदाधिकारियों के अनुसार ‘स्पोर्ट्स टूर्नामेंट 2026’ व्हाट्सएप ग्रुप में भी अधिशासी अभियंता ने आपत्तिजनक व धमकी भरे संदेश डाले।

    कर्मचारियों में भय व अराजकता का माहौल

    इससे कर्मचारियों में भय व अराजकता का माहौल उत्पन्न हो गया है। यह निगम की छवि धूमिल करने वाला कृत्य है। इंटक ने निगम प्रशासन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि ऐसा कृत्य किसी छोटे कर्मचारी की ओर से किया जाता तो उस पर तत्काल निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई होती, जबकि उच्च अधिकारी के मामले में लीपापोती की जा रही है। संगठन ने मांग की है कि अधिशासी अभियंता के खिलाफ निगम नियमों व राज्य सरकार के आदेशों के अनुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

    साथ ही चेतावनी दी कि यदि 7 दिवस के भीतर कोई कार्रवाई नहीं होती है तो इंटक संगठन को गांधीवादी तरीके से धरना या आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर संगठन के जिला महामंत्री अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष सतपाल डूडी, प्रदेश संगठन मंत्री बैरम खान, श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष सुनील गिरी, जिला प्रभारी लालचंद मेहरड़ा, जिला महामंत्री कश्मीरी लाल, मनोज भारद्वाज, जिला संरक्षक किशन सिंह राजावत मौजूद थे। Hanumangarh News