कूड़ा उठाने वाले जेसीबी चालकों और अन्य स्टाफ से मौके पर मांगी काम की रिपोर्ट
- शहरवासियों के लिए 24 घंटे हाजिर: मेयर
- शहरवासियों से की अपील, वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: शाही शहर पटियाला को सफाई के मामले में पंजाब का नंबर एक शहर बनाने के उद्देश्य से मेयर कुंदन गोगिया पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। आज रविवार की छुट्टी होने के बावजूद मेयर ‘ऑन ड्यूटी’ दिखाई दिए और उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में कूड़े के निपटारे के लिए चल रहे कार्यों का स्वयं निरीक्षण किया। मेयर ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम दिन-रात काम कर रहा है। निरीक्षण के दौरान मेयर ने मुख्य कचरा डंप और अन्य सफाई प्वाइंट्स पर तैनात जेसीबी चालकों और सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों से अब तक उठाए गए कचरे और शेष कार्य की विस्तृत रिपोर्ट मांगी। Patiala News
मेयर ने निर्देश दिए कि कचरे के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय के भीतर शहर के डंप साफ किए जाएं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुई एफ एंड सीसी बैठक में शहर में सफाई अभियान के लिए सीवरेज और सड़कों पर विशेष जोर देते हुए 3.5 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई थी। मेयर ने बताया कि जेसीबी और अन्य मशीनरी के माध्यम से कचरे के निपटान का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी निगम स्टाफ द्वारा डिजिटल तरीके से की जा रही है, ताकि कार्य में पारदर्शिता बनी रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मेयर कुंदन गोगिया ने कहा कि पटियाला मेरा परिवार है और अपने शहर की सफाई के लिए मेरे लिए कोई छुट्टी नहीं है। हम 24 घंटे लोगों की सेवा में हाजिर हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और निगम के इस अभियान में सहयोग करें।
इस मौके पर नगर निगम के सेनेटेशन विभाग के अधिकारी और अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। Patiala News
यह भी पढ़ें:– Ghaziabad News: गाजियाबाद में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तीन और आरोपी गिरफ्तार















