हमसे जुड़े

Follow us

31.3 C
Chandigarh
Saturday, April 11, 2026
More

    2200 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट से बदलेगा गाजियाबाद का स्वरूप, बनेगा इंटीग्रेटेड अर्बन हब

    Ghaziabad News
    Ghaziabad News: 2200 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट से बदलेगा गाजियाबाद का स्वरूप, बनेगा इंटीग्रेटेड अर्बन हब

    राजनगर एक्सटेंशन (मोर्टी क्षेत्र) में 417 एकड़ भूमि पर विकसित होगी परियोजना

    37 एकड़ क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम

    गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार माने जाने वाला गाजियाबाद अब एक बड़े शहरी परिवर्तन की ओर अग्रसर है। करीब 2200 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और एरोसिटी प्रोजेक्ट इस शहर को स्पोर्ट्स, टूरिज्म और हाईटेक अर्बन डेवलपमेंट का प्रमुख केंद्र बनाने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना का शिलान्यास जल्द होने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन पर आधारित इस परियोजना के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पहली बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलेगी। इसके साथ ही स्टेडियम के आसपास विकसित होने वाली एरोसिटी इस क्षेत्र को एक इंटीग्रेटेड अर्बन हब में बदल देगी, जिससे पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। Ghaziabad News

    गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन (मोर्टी क्षेत्र) में 417 एकड़ भूमि पर यह परियोजना विकसित की जाएगी। इसमें 37 एकड़ क्षेत्र में लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा, जबकि शेष 380 एकड़ में करीब 1800 करोड़ रुपये की लागत से एरोसिटी टाउनशिप बसाई जाएगी।

    प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम में 30,000 से अधिक दर्शकों की क्षमता, आधुनिक मीडिया सेंटर और हाईटेक लाइटिंग जैसी सुविधाएं होंगी। इसके निर्माण के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पहली बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी का अवसर मिलेगा। Ghaziabad News

    एरोसिटी परियोजना के तहत बड़े होटल, लक्जरी रिसॉर्ट, आधुनिक शॉपिंग मॉल, रिटेल जोन, हाईटेक बिजनेस हब और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण होगा। इसके अतिरिक्त स्पोर्ट्स एकेडमी, स्मार्ट रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स और ग्रीन स्पेस भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र रहने, काम करने और मनोरंजन के लिए एक संपूर्ण डेस्टिनेशन बन सके।

    बताया गया कि इस परियोजना की रूपरेखा वर्ष 2014-15 में तैयार हुई थी, लेकिन पूर्व में यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी। अब राज्य सरकार ने इसे प्राथमिकता में रखते हुए तेजी से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

    परियोजना को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके पूरा होने पर न केवल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश बढ़ेगा, बल्कि होटल, रिटेल और सर्विस सेक्टर में लाखों रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।