मौसम सुहावना लेकिन बढ़ी किसानों की चिंता
Weather Update: हनुमानगढ़। जिले में सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर नजर आया। इसके प्रभाव से अधिकतर क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे और रूक-रूक कर हल्की बारिश होती रही। इससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं भी चली। मौसम में आए बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवाओं से जहां गेहूं की फसल जमीन पर बिछने का अंदेशा है वहीं खेत में काटकर रखी गई सरसों की फसल भीगने की आशंका है। वर्तमान में किसान सरसों की कटाई में जुटे हुए हैं। Hanumangarh Weather News
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने 30 मार्च को पश्चिमी राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्रों में एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने के कारण राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी-बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विज्ञान केन्द्र, जयपुर के अनुसार 31 मार्च को शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
वहीं 1 और 2 अप्रैल को ज्यादातर स्थानों पर मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी और मेघगर्जन की संभावना बनी रहेगी। 3 से 5 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आंधी-बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी दी है कि खुले आसमान में पक रही फसलें, कृषि मंडियों और धान मंडियों में रखे अनाज एवं जिंसों को ढककर या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें, ताकि बारिश के कारण नुकसान से बचा जा सके। Hanumangarh Weather News















