हमसे जुड़े

Follow us

28.6 C
Chandigarh
Sunday, March 1, 2026
More

    Yamuna: मोटरबोट खराब होने से बंद रहा सर्च अभियान, गोताखोरों ने की स्थाई तैनाती की मांग

    Kairana News
    Kairana News: मोटरबोट खराब होने से बंद रहा सर्च अभियान, गोताखोरों ने की स्थाई तैनाती की मांग

    छह दिन पूर्व पत्नी के उत्पीड़न से तंग आकर युवक सलमान ने अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदकर कर ली थी आत्महत्या

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: छह दिन पूर्व आत्महत्या के इरादे से यमुना नदी में कूदे युवक सलमान के तीन बच्चों का कोई सुराग नही लग पाया है। गुरुवार को मोटरबोट खराब होने के कारण सर्च अभियान पूरी तरह से बंद रहा। वहीं, बच्चों की तलाश में जुटे प्राइवेट गोताखोरों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर मोटरबोट को ठीक कराने तथा यमुना नदी पर उनकी तैनाती संविदाकर्मी के तौर पर कराने की मांग की है। Kairana News

    विगत शुक्रवार को कस्बे के मोहल्ला अफगानान निवासी युवक सलमान(38) अपनी बेटी महक(12), शिफा(10) व इनाया(2) तथा पुत्र अयान(7) के साथ में आत्महत्या के इरादे से यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित पुल से यमुना नदी में कूद गया था। घटना के दो दिन बाद सलमान का शव जनपद बागपत के छपरौली थानाक्षेत्र के टांडा गांव के सामने से यमुना नदी पर बने पुल के पास से बरामद हो गया था, जबकि उसकी बड़ी बेटी महक का शव कांधला क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील के सामने से यमुना से मिला था। हालांकि सलमान के तीन बच्चों शिफा, इनाया व अयान का अभी तक कोई सुराग नही लग सका है।

    गुरुवार को मोटरबोट खराब होने के कारण तीनों बच्चों की तलाश में यमुना नदी में चलाया जा रहा सर्च अभियान पूरी तरह से बंद रहा। वहीं, सर्च अभियान में जुटे प्राइवेट गोताखोर दिलशाद, मुस्तकीम, साजिद व जाहिद निवासीगण ग्राम अहतमाल मवी शामली कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने डीएम शामली अरविंद चौहान को एक प्रार्थना-पत्र दिया। बताया कि वह प्राइवेट गोताखोर है। कैराना तहसील प्रशासन ने उन्हें एक मोटरबोट उपलब्ध करा रखी है, जो फिलहाल खराब पड़ी है। वह पिछले कई वर्षों से यमुना नदी में डूबने वाले लोगो की जान बचा रहे है। इसके अलावा, उन्होंने हादसे का शिकार होने वाले सैंकड़ों लोगो के शवों को ढूंढकर पुलिस-प्रशासन का सहयोग किया है। Kairana News

    उन्होंने पत्र में परिवार की जीविका चलाने के लिए यमुना नदी पर संविदाकर्मी के रूप में उनकी तैनाती तथा मोटरबोट को दुरुस्त कराए जाने की मांग की है। इस दौरान पूर्व सभासद मेहरबान अली भी मौजूद रहे। वहीं, यमुना ब्रिज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार ने बताया कि मोटरबोट खराब होने के चलते तीनों बच्चों की तलाश में यमुना नदी में चलाया जा रहा सर्च अभियान गुरुवार को बंद रहा है।

    यह भी पढ़ें:– अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहराना देश के लिए गर्व की बात: भगवंत मान