तनावमुक्त रहने के लिए खेल से जुड़ना जरूरी : तरुण विजय
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज (Baby Happy Modern PG College) में सोमवार को खेल महोत्सव का आगाज हुआ। मैनेजमेंट कमेटी के डायरेक्टर तरुण विजय एवं चेयरमैन आशीष विजय ने संयुक्त रूप से खेल ध्वज लहराकर विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने मैदान में मौजूद सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। खेल महोत्सव के प्रथम दिन विभिन्न रोमांचक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। डायरेक्टर तरुण विजय ने कहा कि बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। Hanumangarh News
स्टूडेंट्स ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक विकास और आत्मविश्वास को भी मजबूत बनाते हैं। आज के तनावपूर्ण जीवन में खेल मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होते हैं, इसलिए हर उम्र के व्यक्ति को नियमित रूप से खेलों से जुड़ना चाहिए। अगर तनाव मुक्त रहना है तो नियमित रूप से किसी न किसी खेल से जुड़ना उचित रहेगा। चेयरमैन आशीष विजय ने कहा कि खेल महोत्सव छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और समय प्रबंधन जैसे गुणों का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रयासरत
महाविद्यालय प्रबंधन छात्र-छात्राओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रयासरत है, ताकि प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी क्षमता को निखारकर उच्च स्तर पर पहचान बना सकें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक ने बताया कि खेल महोत्सव के तहत सातों दिन अलग-अलग तरह की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें कॉलेज के छात्र-छात्राएं अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेंगे। प्रथम दिन रिले रेस, सैक रेस, 100 मीटर दौड़, थ्री लेग रेस सहित अन्य खेल स्पर्धाएं शामिल रहीं।
इन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी शारीरिक क्षमता, टीम भावना तथा अनुशासन का परिचय दिया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय वाइस चेयरमैन रौनक विजय, प्रशासक परमानंद सैनी, उपप्राचार्य डॉ. मनोज शर्मा, बीएड प्राचार्य डॉ. संतोष महला आदि का सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। Hanumangarh News















