कैथल,सच कहूँ /कुलदीप नैन | जिले में भीषण गर्मी का कहर जारी है। आलम यह है कि गर्मी की मार से लोगों का बुरा हाल हुआ पड़ा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने लू और अत्यधिक गर्मी की चेतावनी दी है। गर्मी के कारण व्यक्ति बीमार होने पर इलाज के लिए अस्पताल जाता है लेकिन जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचे मरीजो को बाहर से भी ज्यादा गर्मी का प्रकोप अस्पताल जाकर झेलना पड़ रहा है | क्योकि जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्मियों के मद्देनजर की जाने वाली तैयारिया अधूरी दिखाई पड़ती है जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है।
नागरिक अस्पताल में मरीजो को गर्मी से बचाव के लिए एसी तो छोड़ो कूलर भी नसीब नहीं हो रहे | जो कूलर है उनमे किसी में मोटर नहीं तो किसी में पंखा नहीं ऐसे में अस्पताल में रखे कूलर शो पीस बने हुए है | इतनी गर्मी होने बावजूद सही तरह से काम नहीं कर रहे जिससे इन दिनों मरीजों को बढ़ते तापमान के कारण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि कुछ जगहों पर कूलर एयर कंडीशनर लगे भी हुए हैं, लेकिन इनकी हवा का लुत्फ अस्पताल में डाॅक्टर ही उठा रहे हैं। मरीजों ने खा कि आम जनता के लिए तो कूलरों की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है।
अस्पताल में अपना इलाज करवाने आई एक महिला ने बताया कि कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है | इस तरह की गर्मी में मरीजो के लिए अस्पतालों में एसी की सुविधा होनी चाहिए लेकिन यहाँ तो कूलर पर नहीं चल रहे | वह दो दिन अस्पतालमे दाखिल रही इस दौरान उन्हें गर्मी से बचाव के लिए कोई कूलर नसीब नहीं हुआ |
व्हील चेयर पर बैठे एक मरीज ने कहा कि कोई भी बीमार होकर अस्पताल में इलाज करवाने के लिए ही आता है | लेकिन इतने बड़े अस्पताल में मरीजो को गर्मी से राहत दिलाने के लिए कूलरो में मोटर तक नहीं है | ये कूलर सिर्फ दिखावे के लिए रखे हुए है, मरीजो को इनका कोई लाभ नहीं मिल रहा | जब हमने अस्पताल प्रबन्धन को यह समस्या बताई तो आगे से जवाब मिला हमने तो दो बार ठीक करवा लिया है | वह व्हील चेयर पर ही रात को आराम करता है क्योकि गर्मी के कारण रात को बेड पर लेटा नहीं जाता |
समस्या का पता करके जल्द करेगे समाधान : पीएमओ
जिला नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कंसल ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सभी वार्डों में कूलर की व्यवस्था की गई है। यदि इसके बावजूद कोई समस्या है तो उसका भी जल्द ही समाधान किया जाएगा।