
श्रीगंगानगर मतदाता सूची 2026 का अंतिम प्रकाशन जारी, कुल इतने हैं मतदाता, जानें पूरी प्रक्रिया
Rajasthan SIR Update: श्रीगंगानगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम के तहत शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की जानकारी देते हुए मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन की सूची सौंपी गई। साथ ही उपस्थितजनों को पात्र नागरिक के मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन की जानकारी भी दी गई। Sri Ganganagar News
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 27 अक्टूबर 2025 को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसके अन्तर्गत 4 नवम्बर 2025 से 11 दिसंबर 2025 तक गणना चरण के उपरान्त 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था, जिसमें श्रीगंगानगर में कुल मतदाताओं की संख्या 14,67,224 थी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन की जानकारी Sri Ganganagar News
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 16.12.2025 से 19.01.2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किये गये। इस अवधि में जिला श्रीगंगानगर में 16,837 फॉर्म-6,6ए, 5,154 फॉर्म-7 तथा 10,559 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों की सूची फॉर्म 9, 10, 11, 11ए और 11बी में तैयार की गई और ऐसी सूचियों की एक प्रति उनके कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रत्येक कार्य दिवस को प्रदर्शित की गई। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपतियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से साझा की गईं। यह सूचियाँ जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध होने बाबत जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि पूर्व में प्राप्त समस्त फॉर्म तथा दावे-आपतियाँ प्राप्त करने की अवधि 16.12.2025 से 19.01.2026 में प्राप्त समस्त दावे-आपतियों का निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा किया जाकर 21.02.2026 को मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया गया। प्रारूप मतदाता सूची में कुल 14,67,224 मतदाता थे जबकि आज सौंपी गई सूची में मतदाताओं की संख्या 14,78,907 है। इनमें पुरूष 7,73,726 महिला 7,05,129 तथा ट्रांसजेण्डर 52 हैं।
उन्होंने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची -2026 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) एवं एक हार्ड कॉपी निःशुल्क संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर बैठक आयोजित कर उपलब्ध कराई गई। यह सूचियाँ जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी की बेवसाइटhttps://election.rajasthan.gov.in तथा https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध है। कोई भी मतदाता इस सूची मे अपना नाम ऑनलाइन एपिक सर्च के माध्यम से देख सकता है। इस बाबत भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई। Sri Ganganagar News
निर्णय के विरूद्ध प्रथम अपील अन्तिम प्रकाशन दिनांक से 15 दिवस में प्रस्तुत कर सकते हैं
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, हटाना व प्रविष्टियों में संशोधन एक अनवरत प्रक्रिया जो सतत जारी है। इसके लिए क्रमशः फॉर्म-6 मय घोषणापत्र (अनुलग्न-IV), 7 एवं 8 ECINet App/Voters Portal (https://voters.eci.gov.in) पर जाकर ऑनलाईन अथवा संबंधित बीएलओ से सम्पर्क कर भरा जा सकता है। इस बाबत भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरूद्ध अपील लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के अन्तर्गत प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अन्तिम प्रकाशन दिनांक से 15 दिवस में तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिवस के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं। Sri Ganganagar News
इस अवसर पर स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, आईएनसी से श्री भीमराज डाबी, श्री दीपक कुमार, श्री धीरज अरोड़ा, श्री हंसराज चालिया, सीपीआईएम से श्री वकील सिंह, श्री विजय रेवाड, बीएसपी से श्री भजन सिंह घारू, श्री सुरेश शेखावत, बीजेपी से श्री शरणपालसिंह मान, श्री आशुतोष गुप्ता, श्री शिवप्रकाश तेहरपुरिया सहित अन्य उपस्थित रहे।














