हमसे जुड़े

Follow us

20.7 C
Chandigarh
Tuesday, March 17, 2026
More
    Home चंडीगढ़ Gas Cylinder ...

    Gas Cylinder News: फतेहगढ़ साहिब में रेहड़ियों और दुकानों से 20 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

    Fatehgarh Sahib News
    Fatehgarh Sahib News: जब्त किए गए सिलेंडरों के साथ जानकारी देते डीएफएसओ केवल सिंह।

    एजेंसियों को तीन दिन से अधिक का बैकलॉग न रखने के आदेश

    फतेहगढ़ साहिब (सच कहूँ/अनिल लुटावा)। Fatehgarh Sahib News: जिला प्रशासन की सख्ती के बाद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने रेहड़ियों, होटलों और दुकानों की जांच की। जिन दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, उन्हें जब्त कर लिया गया। डीएफएसओ केवल सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार के निर्देशानुसार घरेलू गैस की कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई गई है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

    इसी के तहत होटलों और खाद्य दुकानों की जांच की गई और जहां घरेलू सिलेंडर व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल हो रहे थे, उन्हें जब्त किया गया। उन्होंने अपील की कि दुकानों पर केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही प्रयोग किया जाए। घरेलू सिलेंडरों का उपयोग दुकानों पर न किया जाए। समय-समय पर जांच जारी रहेगी और यदि भविष्य में भी ऐसी गलती पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान सरहिंद के बाजारों से कुल 20 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

    एलपीजी सिलेंडरों की कमी की अफवाह खारिज

    मोहाली। Mohali News: पंजाब के मोहाली में घरेलू गैस (एलपीजी) सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। उपायुक्त मोहाली आशिका जैन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए विशेष विजिलेंस टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों पर लगातार नजर रखेंगी और अनियमितताओं की जांच करेंगी।

    प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि यदि किसी उपभोक्ता की बुकिंग के दो दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होती है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एजेंसियों को तीन दिन से अधिक का बैकलॉग न रखने के आदेश दिए गए हैं। उपायुक्त आशिका जैन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी को समय पर सिलेंडर नहीं मिलता है, तो वह खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

    यह भी पढ़ें:– नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से किया सामूहिक दुराचार, मामला दर्ज