हमसे जुड़े

Follow us

31.6 C
Chandigarh
Tuesday, March 31, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान दिनदहाड़े महिल...

    दिनदहाड़े महिला से सोने के कंगन व अंगूठी छीनकर फरार हुए दो युवक

    Hanumangarh News
    Sanketik Photo

    हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में एक महिला से दो अज्ञात युवकों की ओर से पानी पिलाने का बहाना बनाकर सोने के कंगन और अंगूठी छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। Hanumangarh News

    टाउन शहर में दिनदहाड़े हुई वारदात से मचा हड़कंप

    पुलिस के अनुसार वार्ड 21, आयुर्वेद अस्पताल के नजदीक निवासी सरोज गोयल (60) पत्नी प्रदीप गोयल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि मंगलवार, 10 फरवरी को सुबह लगभग 10 बजे वह अपने पुत्र की एफसीएसएमडी गारमेंट्स नामक दुकान से घर लौट रही थीं। रास्ते में दो युवक उनके पीछे-पीछे आने लगे। कुछ दूर चलने के बाद दोनों युवकों ने उनसे पानी पिलाने की बात कही। उसने मानवता के नाते घर के पास स्थित एक दुकान से पानी खरीदकर उन्हें पिला दिया।

    इसी दौरान दोनों युवक उसके हाथों में पहने सोने के कंगनों को गौर से देखने लगे और बातचीत के दौरान पूछने लगे कि क्या ये कंगन असली सोने के हैं। उसने उन्हें टालने के उद्देश्य से कहा कि कंगन सोने के नहीं हैं, लेकिन दोनों युवक लगातार कंगन दिखाने और देने की जिद करने लगे। मना करने पर दोनों युवकों ने अचानक जबरन उसके दोनों हाथों से सोने के कंगन उतार लिए तथा उसकी उंगली में पहनी सोने की अंगूठी भी छीन ली।

    वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी पुराने पोस्ट ऑफिस की तरफ भाग गए। महिला के अनुसार आरोपियों में से एक युवक ने काले रंग की पैंट और सफेद शर्ट पहन रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई अमीचंद को सौंपी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। Hanumangarh News