काली देवी क्षेत्र की गैस एजेंसी पर अव्यवस्था के आरोप, घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटे लोग; भीड़ संभालने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। शहर में वीरवार को गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर काली देवी मंदिर के पास स्थित हनुमान गैस एजेंसी पर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। लंबे समय तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। लोग अपनी बारी के इंतजार में घंटों कतार में लगे रहे, लेकिन पर्याप्त सप्लाई न होने के कारण कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। Hansi News
इससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। ढाणी कुंदनापुर से आए एक उपभोक्ता ने बताया कि वह लंबे अंतराल के बाद सिलेंडर लेने पहुंचे थे, लेकिन स्टॉक खत्म होने के चलते उन्हें बिना गैस के ही वापस जाना पड़ा। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि उसने पहले ही सिलेंडर बुक कराया हुआ था, इसके बावजूद एजेंसी से उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। जगदीश कॉलोनी से पहुंची एक बुजुर्ग महिला ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनके घर में कई दिनों से गैस खत्म है और वे मजबूरी में चूल्हे पर खाना बना रही हैं। घंटों लाइन में लगने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली।
भीड़ बढ़ने और हालात बिगड़ने पर एजेंसी संचालक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और समझाइश दी कि जिन क्षेत्रों में होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है, वहां के उपभोक्ता एजेंसी पर भीड़ न लगाएं। एजेंसी संचालक का कहना है कि 389 सिलेंडर होम डिलीवरी के माध्यम से वितरित किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 100 उपभोक्ताओं को एजेंसी से सिलेंडर दिए गए हैं। उन्होंने भीड़ बढ़ने का कारण उपभोक्ताओं द्वारा की जा रही पैनिक बुकिंग को बताया। हालांकि पुलिस हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन गैस आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बना हुआ है। Hansi News
यह भी पढ़ें:– Ration Dealer News: गरीबों का खाद्यान्न डकार गया गोगवान का राशन डीलर, मुकदमा दर्ज















