हमसे जुड़े

Follow us

22.8 C
Chandigarh
Sunday, March 29, 2026
More
    Home खेल विराट का नाबा...

    विराट का नाबाद अर्धशतक, आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया

    RCB
    RCB विराट का नाबाद अर्धशतक, आरसीबी ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया

    बेंगलुरु। विराट कोहली (नाबाद 69) और देवदत्त पड़िक्कल (61) विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलरु (आरसीबी) ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 26 गेंदे शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को दूसरे ही ओवर में फिल सॉल्ट (आठ) रन के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पड़िक्कल ने विराट कोहली के साथ पारी को संभाला तथा विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दूसरे विकेट के लिए 101 रन जोड़े। इस दौरान पड़िक्कल ने अपना तूफानी अर्धशतक पूरा किया। नौवें ओवर में हर्ष दुबे ने पड़िक्कल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। पड़िक्कल ने 26 गेंदों में सात चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 61 रनों की पारी खेली। वहीं कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के लगाते हुए 31 रन बनाये। उन्हें 13वें ओवर में डेविड पेन ने आउट किया। इसी ओवर की अगली ही गेंद पर पेन ने जितेश शर्मा (शून्य) का भी शिकार कर लिया। आरसीबी ने 15.4 ओवरों में चार विकेट पर 203 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। विराट कोहली ने 38 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए नाबाद 69 रनों की पारी खेली। टिम डेविड ने एक चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 16 रन बनाये।

    एसआरएच के लिए डेविड पेन ने दो विकेट लिये। हर्ष दुबे और जयदेव उनादकद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां ईशान किशन (80) और अनिकेत वर्मा (43) की तूफानी पारियों की मदद से एसआरएच ने आरसीबी के खिलाफ नौ विकेट पर 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएच की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने 29 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। अभिषेक शर्मा (सात), ट्रैविस हेड (11) और नीतीश कुमार रेड्डी (एक) को जैकब डफी ने आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये हाइनरिक क्लासन ने कप्तान ईशान किशन के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी हुई। 14वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने हाइनरिक क्लासन को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। हाइनरिक क्लासन ने 22 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 31 रनों की पारी खेली। सुनील अरोड़ा (नौ) रन बनाकर आउट हुए। 16वें ओवर में अभिनंदन सिंह ने ईशान किशन को अपना शिकार बना लिया। ईशान किशन ने 38 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 80 रनों की पारी खेली। इसके बाद हर्ष दुबे (तीन) और हर्षल पटेल (शून्य) पर आउट हुए। अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 43 रनों की पारी खेली। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। आरसीबी के लिए जैकब डफी ने तीन विकेट लिये।रोमारियो शेफर्ड को दो विकेट मिले। अभिनंदन सिंह, भुवनेश्वर कुमार और सुयश शर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।