कैराना में अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना नदी, डीएम-एसपी ने ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन के साथ यमुना तटबंध का किया निरीक्षण
- हथिनीकुंड बैराज से मंगलवार रात दस बजे छोड़ा गया अधिकतम 1.80 क्यूसेक पानी, यमुना के जलस्तर में दर्ज की गई आंशिक कमी
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: दो दिन पूर्व हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े गए 3.29 लाख क्यूसेक पानी से उफान पर आई यमुना की लहरें शांत होने का नाम नही ले रही है। कैराना में यमुना नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में कमी आने के चलते यमुना के बहाव में आंशिक कमी दर्ज की गई है। वहीं, डीएम-एसपी ने ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन के साथ में यमुना तटबंध का निरीक्षण करके मातहतों को सतर्क रहने के निर्देश दिए है। Kairana News
पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से हो रही रिकॉर्डतोड़ बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज पर भी पानी का दबाव बढ़ रहा है, जिसके चलते यमुना नदी में पानी छोड़े जाने का सिलसिला निरन्तर जारी है। विगत सोमवार को हथिनीकुंड बैराज से यमुना में वर्तमान मानसून सत्र का सर्वाधिक 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इस पानी ने कैराना पहुंचते ही अपना रौद्र रूप दिखा दिया और चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही यमुना खतरे के निशान को पार कर गई। Kairana News
मंगलवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 50 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया था। यमुना के पानी से खादर क्षेत्र की हजारों बीघा फसल जलमग्न हो गई। हालांकि बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा धीरे-धीरे कम हुई, जिसके चलते कैराना में भी यमुना के जलस्तर में 40 सेंटीमीटर की आंशिक कमी आई। बुधवार प्रातः दस बजे यमुना का जलस्तर 231.60 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि मंगलवार को यह 232.00 मीटर पर पहुंच गया था। कैराना में चेतावनी बिंदु 231.00 मीटर तथा खतरे का निशान 231.50 मीटर पर निर्धारित है।
डीएम-एसपी ने यमुना तटबंध का किया निरीक्षण, सतर्कता बरतने के निर्देश
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। बुधवार को डीएम शामली अरविंद चौहान व एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह कैराना पहुंचे। जहां पर उन्होंने हैदरपुर से मवी तक यमुना तटबंध का निरीक्षण किया। उन्होंने हैदरपुर तटबंध पर बने काठा नाले के रेगुलेटर का भी जायजा लिया। उन्होंने मातहतों को यमुना तटबंध पर निरंतर गश्त करने समेत तमाम आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन सुधांशु सिंह, तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री भी मौजूद रहे। वहीं, तहसीलदार ने बताया कि यमुना तटबंध का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। तटबंध पूरी तरह से मजबूत है। यमुना के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। Kairana News
बैराज से मंगलवार रात छोड़ा गया अधिकतम 1.80 लाख क्यूसेक पानी
हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा धीरे-धीरे कम हो रही है, जिससे क्षेत्र में जलस्तर घटने की भी उम्मीद है। बैराज से मंगलवार शाम पांच बजे 1,49,032 क्यूसेक, आठ बजे 1,71,346 क्यूसेक तथा रात्रि 1,80,688 क्यूसेक पानी यमुना नदी में डिस्चार्ज किया गया था, जबकि बुधवार प्रातः सात बजे 1,63,994 क्यूसेक, आठ बजे 1,62,779 क्यूसेक तथा दस बजे व दोपहर एक बजे 1,58,552 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया।
वहीं, ड्रेनेज विभाग के एक्सईएन सुधांशु सिंह का कहना है कि यमुना के जलस्तर में 40 सेंटीमीटर की कमी आई है। हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़े जाने वाला पानी भी धीरे-धीरे कम हो रहा है। यमुना का जलस्तर अभी और कम होने की संभावना है। Kairana News
यह भी पढ़ें:– गैंगस्टर के आरोपी इनाम उर्फ धुरी के पैर में लगी पुलिस की गोली