फतेहाबाद। जिले के गांव कुम्हारिया से जुड़े एक बेहद दर्दनाक मामले में रूस की सेना में कथित रूप से जबरन भर्ती कर यूक्रेन युद्ध में भेजे गए युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित जांगड़ा के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ गया दूसरा युवक विजय पूनिया अभी तक लापता है। परिजनों के अनुसार अंकित जांगड़ा का शव दिल्ली पहुंच चुका है, जहां से परिवार के सदस्य उसे लेकर गांव के लिए रवाना हो गए हैं। अंकित के भाई रघुबीर जांगड़ा ने बताया कि शुक्रवार रात को उन्हें इस दुखद घटना की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार तुरंत दिल्ली के लिए निकल गया।
गौरतलब है कि 11 सितंबर 2025 के बाद से दोनों युवकों का अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ था। इस दौरान परिजनों ने उनकी वापसी के लिए लगातार प्रयास किए। परिवार के सदस्य दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित रूसी दूतावास, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई ठोस सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि विदेश में फंसे दोनों युवकों ने अपने परिजनों को वीडियो भेजकर मदद की गुहार भी लगाई थी। उन्होंने दावा किया था कि उन्हें जबरन सेना में भर्ती कर युद्ध क्षेत्र में भेजा गया है। अब अंकित की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है, वहीं विजय पूनिया के बारे में अब भी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।















