जब स्कूल में शिक्षक पहुंचे तो कमरे में पड़ी थी लाश
- युवक के सिर पर किसी चीज से किए गए थे प्रहार
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज़)। Gurugram News: जिला के गांव हेलीमंडी में रात को एक युवक लापता हुआ और सुबह गांव के स्कूल में उसकी लाश मिली। सुबह जब शिक्षक स्कूल पहुंचे तो उन्हें युवक की हत्या का पता चला। घबराए हुए टीचर्स ने शिक्षा विभाग व पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के संबंध में पुलिस ने गांव में पूछताछ की। युवक की पहचान 20 वर्षीय रवि निवासी ललितपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
हेलीमंडी में रहने वाला युवक रवि गुरुवार की रात से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। सुबह गांव का जब स्कूल खुला और शिक्षक पहुंचे तो युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। इससे स्कूल में सनसनी फैल गई। शिक्षक डर गए। तुरंत प्रभाव से सूचना पुलिस व शिक्षा विभाग को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने युवक के शव का जांच-पड़ताल की। मौके पर डॉग स्क्वायड व फोरेंसिग टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया। Gurugram News
युवक की पहचान होते ही पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया। परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रवि गुरुवार की रात से ही लापता था। स्कूल में रवि की लाश मिलने को लेकर पुलिस जांच कर रही है कि आखिर वह स्कूल में कैसे पहुंचा। कोई उसे बहकाकर लाया या फिर उसे पकडकर यहां लाया गया या फिर वह किसी के बुलावे पर स्कूल में पहुंचा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें:– Kangra Accident News: कांगड़ा में बड़ा सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिरी















