नाइजीरिया में बाढ़ से 18 हजार से अधिक घर हुए तबाह, 24 लोगों की मौत

लागोस (एजेंसी)। नाईजीरिया के उत्तरी राज्य कात्सिना में मई से शुरू हुए बारिश के मौसम में आई बाढ़ (Nigeria Flood) में कम से कम चौबीस लोगों की मौत हो गयी तथा 18,000 से अधिक अन्य लोग बेघर हो गए। एक राहत एजेंसी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख उमर मुहम्मद ने शुक्रवार को कात्सिना शहर में एक प्रेस बीफ्रिंग में कहा कि बाढ़ से करीब 16,625 मकान नष्ट हो गए है जिससे कात्सिना के 34 स्थानीय सरकारी क्षेत्र प्रभावित हुए है। उन्होंने कहा कि 1,620 एकड़ खेतों में बाढ़ का पानी भरा गया है और राज्य सरकार प्रभावित निवासियों को जल्द सहायता उपलब्ध करायेगी।

विदेश न्यूज अपडेट

आयरलैंड में पेट्रोल पम्प पर हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत

आयरलैंड के को डोनेगल में एक पेट्रोल पम्प पर हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गयी। यह जानकारी स्थानीय मीडिया रिपोर्टो में दी गयी है। स्थानीय मीडिया ने आयरलैंड पुलिस के हवाले से कहा है कि विस्फोट स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजे आयरलैंड के उत्तरपश्चिमी सिरे के पास एक क्षेत्र में क्रिस्लो के बाहरी इलाके में एपलग्रीन पेट्रोल पम्प पर हुआ। इसमें तीस लोग घायल हो सकते है। रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट से दो मंजिला फ्लैट की छत ढह गयी।

चीन के उइगन में मानवाधिकारों का सम्मान होना चाहिए: भारत

India and China Border

भारत ने शुक्रवार को स्पष्ट रूप से कहा कि चीन के शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र के लोगों के मानवाधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें इसकी गारंटी दी जानी चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, “शिजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र के लोगों के मानवाधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें इसकी गारंटी दी जानी चाहिए। हमें उम्मीद है कि संबंधित पक्ष निष्पक्ष और उचित तरीके से स्थिति को संभालेंगे।” बागची की यह टिप्पणी भारत द्वारा संयुक्त राष्ट्र में चीन के शिनजियांग में मानवाधिकार की स्थिति पर मतदान से दूर रहने के एक दिन बाद आई है।

उन्होंने संरा में भारत के अनुपस्थित रहने के मुद्दे पर कहा, “यूएनएचआरसी में भारत का वोट उसकी लंबे समय से चली आ रही स्थिति के अनुरूप है कि देश विशिष्ट संकल्प कभी मददगार नहीं होते हैं। भारत ऐसे मुद्दों से निपटने के लिए बातचीत का पक्षधर है।” उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि संबंधित पक्ष स्थिति को निष्पक्ष और उचित तरीके से संभालेंगे। उन्होंने कहा, “भारत सभी मानवाधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है।” विदेश मंत्रालय की यह टिप्पणी संरा में भारत के अनुपस्थित रहने के मुद्दे पर विपक्षी दलों द्वारा सरकार की आलोचना किए जाने के बाद आई है।

अमेरिका ने चीन की 31 कंपनियों को निर्यात नियंत्रण सूची में जोड़ा

America, China

अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने अपनी ‘असत्यापित’ निर्यात नियंत्रण सूची में चीन की 31 कंपनियों और संस्थाओं को जोड़ा है। अमेरिका की संघीय रजिस्ट्री नोटिस के अनुसार यह चीन की कंपनियों को अपनी आर्थिक ब्लैकलिस्ट में जोड़ने की दिशा में पहला कदम हो सकता है। नोटिस में कहा गया है कि उद्योग एवं सुरक्षा ब्यूरो इन कंपनियों की प्रामाणिकता को सत्यापित करने में असमर्थ है क्योंकि अमेरिकी सरकार के नियंत्रण से बाहर होने की वजह से जांच संतोषजनक ढंग से पूरी नहीं की जा सकी।

चीन की जिन कंपनियों को अमेरिका ने नियंत्रण सूची में जोड़ा है, उनमें यांग्त्जी मेमोरी टेक्नोलॉजीज कॉपोर्रेशन लिमिटेड, वूशी बायोलॉजिक्स, विज्ञान और प्रौद्योगिकी शंघाई विश्वविद्यालय, शंघाईटेक विश्वविद्यालय और चाइनीज विज्ञान अकादमी विश्वविद्यालय शामिल हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here