लाठियों से लैस होकर पहुंचे आरोपी, 2 बीघा फसल ले गए, मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जिले के तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 30-40 लोगों ने एकजुट होकर खेत में घुसकर सरसों की फसल काट ली और विरोध करने पर खेत मालिक को दौड़ा लिया। तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार भूरानपुरा निवासी श्रवण कुमार (49) पुत्र बनवारी लाल जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। Hanumangarh News
आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी
रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता ने वर्ष 1979 में चक 2 बीआरएन में 3 बीघा 19 बिस्वा कृषि भूमि खरीदी थी, जिस पर लंबे समय से उसका कब्जा है। वर्तमान में इस भूमि को लेकर राजस्व न्यायालय में मामला विचाराधीन है और स्थगन आदेश (स्टे) भी लागू है। प्रार्थी के अनुसार 14 मार्च की सुबह करीब 11 बजे गांव के ही भूपसिंह, आत्माराम, गोरीशंकर, रामप्रताप, ओमप्रकाश सहित 30-40 पुरुष व महिलाएं उसकी कृषि भूमि पर पहुंच गए और खड़ी सरसों की फसल काटने लगे। आरोप है कि उनके पास दो ट्रैक्टर थे, जिनमें फसल भरकर ले जाई जा रही थी। जब श्रवण कुमार मौके पर पहुंचा और विरोध किया तो आरोपियों ने लाठियों, कस्सियों व कुल्हाड़ी से लैस होकर उसे मारने के इरादे से दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए उसने 100 नम्बर पर कॉल किया।
पुलिस के पहुंचने तक आरोपी करीब 2 बीघा की सरसों काटकर ले जा चुके थे। पीड़ित के अनुसार इस जमीन को लेकर पूर्व में कई बार पंचायतें हो चुकी हैं और 2021 में समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार विवाद करते आ रहे हैं। मामले में राजस्व न्यायालय में भी सुनवाई चल रही है और ऑनलाइन स्टे दर्ज है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई राधेश्याम को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News















