5 राज्यों में तूफान का खतरा, हरियाणा समेत उत्तर भारत में चेतावनी

States, Danger, Storm

पानीपत (Varta)।

देश के कई हिस्से में आंधी-तूफान के बीच कई तटीय राज्यों को चक्रवाती तूफान सागर को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अदन की खाड़ी में यह चक्रवात उठा है। वहीं हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गुरुवार को भी धूल भरी आंधी आई और बारिश की संभावना है। हरियाणा में शुक्रवार सुबह से ही बारिश का मौसम बना हुई है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और लक्षद्वीप में चक्रवाती तूफान ‘सागर’ की चेतावनी दी है।

मछुआरों को समुद्र से लौटने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अदन की खाड़ी में समुद्री चक्रवात ‘सागर’ उठा है। अगले 12 घंटों में यह भारत की ओर बढ़ेगा। इससे शुक्रवार, शनिवार और रविवार को पश्चिम, दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने कहा है कि इस पश्चिमी चक्रवात के कारण अगले तीन दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश होगी। हालांकि इससे गुजरात का तटीय हिस्सा ज्यादा प्रभावित नहीं होगा। चक्रवात को देखते हुए एेहतियातन राज्य के सभी बंदरगाहों पर नंबर दो सिग्नल की चेतावनी जारी की गई है।

 

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।