कैराना। गर्मी में निजात पाने को यमुना में नहाने के लिए गए दो किशोरों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से मृतक किशोरों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बाद में दोनों मृतकों के शवों को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
खादर क्षेत्र के गांव इस्सापुर खुरगान निवासी अफनान(14), मुस्तफा(15) व सोहिल आपस में दोस्त थे। तीनों गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार को छुट्टी के पश्चात दोपहर करीब एक बजे तीनों दोस्त गर्मी से निजात पाने के उद्देश्य से नहाने के लिए यमुना पर चले गए।
सोहिल किनारे पर बैठ गया, जबकि अफ़नान व मुस्तफा नहाने के लिए यमुना के अंदर चले गए। इसी दौरान यमुना में नहा रहे दोनों किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। दोनों को डूबते हुए देखकर बाहर बैठे सोहिल ने शोर मचा दिया, लेकिन आसपास किसी व्यक्ति के न होने के कारण दोनों किशोर यमुना के गहरे पानी में समा गए। इसके पश्चात, सोहिल ने गांव में पहुंचकर दोनों किशोरों के परिजनों व अन्य ग्रामीणों को घटना के बारे में बताया। आनन-फानन में किशोरों के परिजन व ग्रामीण भारी संख्या में यमुना पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने यमुना नदी में डूबे किशोरों की तलाश शुरू की। काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को यमुना से बाहर निकालकर शामली के निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया।
जहां पर चिकित्सकों ने दोनों किशोरों को मृत घोषित कर दिया। किशोरों की मौत से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अफ़नान सात भाई-बहन बताए गए है, जिनमें अफ़नान भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक अफ़नान के पिता जमशेद खेती-बाड़ी का कार्य करते है। वहीं, मृतक मुस्तफा भी छह भाई-बहन थे। मुस्तफा भी अपने भाइयों में सबसे छोटा बताया गया है। मुस्तफा के पिता की करीब एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। बाद में दोनों मृतकों के शवों को गांव के निकट स्थित कब्रिस्तान में गमगीन माहौल के बीच सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।