ज्येष्ठ ने कढ़वाये सभी के घुंघट, अब आई आषाढ़ की बारी, आसमान से बरस रही आग, गर्मी अभी भी जारी

Kaithal
Kaithal ज्येष्ठ ने कढ़वाये सभी के घुंघट, अब आई आषाढ़ की बारी, आसमान से बरस रही आग, गर्मी अभी भी जारी

कैथल, सच कहूँ /कुलदीप नैन | ज्येष्ठ का महिना खत्म हो गया है और इस बार जेठ के इस महीने ने घर से बाहर पुरुष हो या महिला सभी के घुंघट निकलवा कर रखे | अब आषाढ़ की शुरुआत होने जा रही है लेकिन जेठ के जाने और आषाढ़ के आने से गर्मी में कोई परिवर्तन नहीं होता दिखाई दे रहा | दिन में सूरज की तपिश से लोगों के हाल खराब हो रहे तो रात को भी गर्मी लोगो की परेशानी बढ़ा रही है | अन्य दिनों की भांति वीरवार को भी गर्मी ने बेहाल किया। लोगो को सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक धूप में निकलना मुश्किल हो गया। वीरवार को भी अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान भी अब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा था | लोग सुबह उठते ही पसीने से तरबतर नजर आते है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने हालात और बिगाड़ दिए। गर्मी से बचने के लिए लोग कपड़े से अपने चेहरे को ढक कर वाहन चलाने को मजबूर हो रहे हैं। दूसरी तरफ से सब्जी बेचने वाले दुकानदारों को सब्जियों पर बार-बार पानी का छिड़काव करना पड़ रहा है।

गर्मी के साथ बढ़ी ओपीडी में मरीजो की संख्या

गर्मी रौद्र रूप धारण किए हुए है। सुबह 10 बजते ही लू चलना शुरू हो जाती है। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सिविल अस्पताल में गर्मी की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनमें सबसे ज्यादा मरीज डिहाइड्रेशन, उलटी दस्त , वायरल बुखार के पहुँच रहे है | डॉक्टरों का कहना है कि अधिक गर्मी की चपेट में आने से हो रही है, जिस कारण लोगों को चक्कर आना, बेहोशी जैसा लगना, नाक से खून आना, कमजोरी, उल्टी-दस्त, तेज बुखार आदि की दिक्कत मरीजों को हो रही है। अस्पताल में जहां सामान्य दिनों में 900- 1000 मरीज ओपीडी में आते थे, वहीं अब पिछले एक सप्ताह से ओपीडी में रोजाना 1500 के करीब मरीज आ रहे हैं। तेज गर्मी बढ़ने से लोग वायरल फीवर, डायरिया, डिहाइड्रेशन, यूरिन इन्फेक्शन का शिकार हो रहे हैं। पिछले दो दिनों में 3111 मरीज ओपीडी में आये जिनमे सबसे ज्यादा मरीज गर्मी से पीड़ित बताये थे | स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को तेज धूप से बचने व पानी पर्याप्त मात्रा में पीने की सलाह दी है।

प्रतिदिन 87 लाख यूनिट पहुंची बिजली खपत

बिजली खपत में पिछले 4 दिन में प्रतिदिन के हिसाब से17 लाख यूनिट का इजाफा हो चुका है | गर्मी बढ़ने से बिजली खपत भी बढती जा रही है | 8 जून को जहाँ बिजली खपत 70 लाख यूनिट थी वह 9 जून यानी सोमवार को बढकर 75 लाख यूनिट, मंगलवार को 82 लाख यूनिट तो बुधवार को 87 लाख यूनिट बिजली खपत हुई | इस तरह पिछले मात्र 4 दिन में 3 करोड़ 15 लाख यूनिट बिजली की खपत जिले में हुई है | हालाँकि पिछले वर्ष इन्ही दिनों में यह आंकड़ा 3 करोड़ 69 लाख यूनिट था |

सोमवार को मौसम में बदलाव की संभावना

मौसम विभाग की मने तो सोमवार को मौसम में परिवर्तन हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को धूल भरी हवाओं के साथ कहीं-कहीं पर छिटपुट बूंदाबांदी भी हो सकती है। जिससे तापमान में 3 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। ऐसे में इस प्रचंड गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। कृषि एवं मौसम वैज्ञानिक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को भी उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलती रहेंगी, जो गर्म और शुष्क होंगी। इससे तापमान में गर्म इसी तरह बना रहेगा | 14 जून से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तर-पूर्वी होने की संभावना है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और आंशिक बादल छा सकते हैं।

इस तरह बढ़ी बिजली खपत

8 जून 2025
डिवीजन
कैथल 31.03 लाख यूनिट
गुहला 19.25 लाख यूनिट
पूंडरी 19.79 लाख यूनिट
कुल 70.07 लाख यूनिट

9 जून 2025
डिवीजन
कैथल 32.26 लाख यूनिट
गुहला 20.97 लाख यूनिट
पूंडरी 22.05 लाख यूनिट
कुल 75.28 लाख यूनिट

10 जून 2025
डिवीजन
कैथल 33.39 लाख यूनिट
गुहला 26.01 लाख यूनिट
पूंडरी 22.56 लाख यूनिट
कुल 81.96 लाख यूनिट

11 जून 2025
डिवीजन
कैथल 35.72 लाख यूनिट
गुहला 29.43 लाख यूनिट
पूंडरी 22.76 लाख यूनिट
कुल 87.91 लाख यूनिट

दिन में लगा 4 घंटे का कट

भीषण गर्मी ने लोगों का जीना बेहाल कर रखा है। वहीं, दूसरी तरफ कम वोल्टेज और बिजली के लग रहे लंबे-लंबे कट की समस्या से घरों के बिजली के उपकरण खराब हो रहे हैं, जिसके चलते लोगों में विद्युत विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। वीरवार को दिन में 12 बजे से 5 बजे के बीच 4 घंटे तक बिजली का कट रहा, जिससे लोगों को गर्मी के मौसम में भारी मुश्किल का सामना करना पड़ा। कट लगने की वजह से एसी, कूलर थम गए और पंखे गर्म हवा फेंककर गर्मी में और इजाफा करत रहे थे। इस दौरान लोग ठंडे पेय पदार्थों की ओर रुख करते नजर आए।