समिति ने गोदाम के पुननिर्माण हेतु सरकार से मांगी 30 लाख रुपए की मदद
Cowshed in Jakhal collapsed: जाखल (तरसेम सिंह)। जाखल में स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित श्री कृष्ण गोशाला में तूड़ी भंडारण के लिए उपयोग हो रहा 20 वर्ष पुराना गोदाम बीती रात अचानक ढह गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोशाला के सैकड़ों गोवंश के लिए चारे का संकट उत्पन्न हो गया है। इसे लेकर गौशाला कमेटी ने सरकार से तुड़ी भंडारण गोदाम के नवनिर्माण के लिए मदद राशि की मांग की है। Jakhal News
गौशाला समिति के प्रधान अशोक बंसल, प्रतिनिधि कुशलकांत जैन, ऋषभ जैन, अशोक आदि ने बताया कि गौशाला में तुड़ी भंडारण के लिए दशकों पूर्व बना गोदाम कंडम अवस्था में था। बताया गया है कि गोदाम कंडम स्थिति में होने के कारण बीती रात गोदाम की दीवार टूट गई। इससे गोदाम की छत भी गिर गई। लिहाजा इससे पूरा गोदाम ही ध्वस्त हो गया है। और गौ माताओं के लिए सूखे चारे प्रबंधन का संकट बन गया। इस गोदाम में करीब 800 ट्रॉली तूड़ी संग्रहित होती थी।
अब गोदाम टूटने से चारे का भंडारण असंभव हो गया है। समिति ने हरियाणा सरकार से 30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि मानसून से पहले नया गोदाम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते गोदाम का पुनर्निर्माण नहीं हुआ तो बरसात में चारे की भारी बर्बादी होगी, जिससे गोवंश की देखरेख मुश्किल हो जाएगी। समिति ने प्रशासन और समाजसेवियों से भी मदद की अपील की है। Jakhal News