हमसे जुड़े

Follow us

27.7 C
Chandigarh
Friday, April 17, 2026
More

    Hanumangarh: ससुरालियों ने विवाहिता को पिलाया जहर, मौत

    Dowry Harassment, CRPF Jawan
    Sanketik photo

    कम दहेज लाने की बात कह करते थे प्रताड़ित

    Dowry death case: हनुमानगढ़। शादी में कम दान-दहेज लाने का ताना मारने वाले ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता को कीटनाशक दवाई पिला दी। अस्पताल में इलाज के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया। विवाहिता एक बेटे की मां थी। उसकी शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पहले हुई थी। विवाहिता के पिता ने मृतका के पति, ससुर-सास, देवर व पति की मौसी के लड़के के खिलाफ टिब्बी पुलिस थाना में दहेज हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है। Hanumangarh News

    पुलिस के अनुसार मंगत सिंह (45) पुत्र प्रीतम सिंह रायसिख निवासी वार्ड 13, गांव सूरेवाला ने रिपोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया कि उसकी पुत्री ममता रानी की शादी लगभग साढ़े तीन वर्ष पूर्व दीपू पुत्र गुरनाम सिंह निवासी पीरकामड़िया के साथ सम्पन्न करवाई थी। शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज (स्त्रीधन) दिया था। लेकिन दिए गए स्त्रीधन से ममता रानी के ससुर गुरनाम सिंह, सास गोगा बाई, देवर दिलावर सिंह, पति दीपू इत्यादि खुश नहीं थे। वे कम दहेज लाने का ताना उसकी पुत्री को मारते व उसके साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार करते। इस बात को लेकर पूर्व में एक-दो बार पंचायती भी हुई थी।

    दहेज हत्या के मुकदमा में मृतका का पति, ससुर-सास, देवर सहित पांच नामजद

    पंचायती में ममता रानी के ससुरालियों ने राजीनामा करवा दिया। फिर उसकी पुत्री के एक पुत्र जसनदीप हुआ। उसके जन्म पर सोने की अंगूठी देने के लिए ममता रानी को उसके ससुराल पक्ष के लोग तंग-परेशान करने लगे। इस बीच उन्हें मंगलवार की अपराह्न तीन बजे समाचार मिला कि उसकी लड़की ममता रानी के साथ उसके पति, ससुर, सास, देवर तथा दीपू की मौसी के लड़के राजू ने मारपीट की। बाल खींचकर घसीटा और जबरदस्ती कीटनाशक दवाई पिला कर मार डाला। उन्होंने पता किया तो जानकारी मिली कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी लड़की को सूरेवाला में आरएमपी डॉक्टर के पास लेकर गए थे। जब वे वहां पहुंचे तो उसकी पुत्री की हालात गम्भीर होने के कारण हनुमानगढ़ रेफर कर दिया।

    टाउन के हिसारिया हॉस्पिटल में रात्रि 11 बजे डॉक्टर ने उसकी लड़की ममता रानी को मृत घोषित कर दिया। मंगत सिंह के अनुसार उसकी लड़की ममता रानी के साथ उसके ससुराल पक्ष के लोग पूर्व में भी मारपीट करते थे। उसकी लड़की के ससुराल घर के पड़ोस में रहने वाले हरनेक सिंह के घर कोमल पुत्री सतनाम सिंह पढ़ने जाती है। कोमल ने उन्हें बताया कि ममता दीदी के साथ उसके ससुराल पक्ष के लोग मारपीट कर रहे थे और बाल पकड़ कर खींच रहे थे। ममता बचाओ-बचाओ का शोर कर रही थी।

    वह यह देख डर के मारे घर पर आ गई। मंगत सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी लड़की के साथ दहेज कम लाने के कारण उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसे जबरदस्ती कीटनाशक दवाई पिलाकर मार दिया। पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप संबंधी धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अनुसंधान संगरिया वृताधिकारी करण सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने मृतका का शव मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। Hanumangarh News