पत्नी के किसी अन्य के साथ चले जाने से क्षुब्ध युवक सलमान दो दिन पूर्व अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में कूद गया था
- युवक के पिता ने मृतक की पत्नी व एक अन्य महिला समेत छह लोगों पर लगाया पुत्र के उत्पीड़न का आरोप
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: पत्नी के उत्पीड़न से आहत होकर आत्महत्या के इरादे से दो दिन पूर्व यमुना नदी में कूदे युवक सलमान व उसकी बड़ी बेटी महक के शव बरामद हो गए है। जबकि युवक के तीन बच्चों की तलाश में प्राइवेट व पीएसी के दर्जनभर गोताखोर यमुना नदी में सर्च अभियान चलाए हुए है। वहीं, युवक के पिता ने मृतक की पत्नी व एक अन्य महिला समेत छह लोगों पर पुत्र को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
विगत शुक्रवार को कस्बे के मोहल्ला अफगानान निवासी युवक सलमान(38) अपनी बेटी महक(12), शिफा(10) व इनाया(2) तथा पुत्र अयान(7) के साथ में आत्महत्या के इरादे से यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित ब्रिज से यमुना नदी में कूद गया था। युवक ने घटना से पूर्व तीन अलग-अलग वीडियो बनाकर कस्बे के मोहल्ला खैलकलां निवासी अपनी विवाहित बहन गुलिस्ता के व्हाट्सएप पर भेजे थे। बताया जा रहा है कि युवक अपने बच्चों के साथ में मोहल्ला खैलकलां में अपनी बहन के पास ही रह रहा था। Kairana News
वीडियो देखने के पश्चात ही परिजनों को घटना की जानकारी हुई थी। युवक के तीनों वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुए थे। प्रशासन ने शनिवार को युवक व उसके बच्चों की तलाश में यमुना नदी में सर्च अभियान शुरू कराया था। मामले की सूचना मिलने पर एएसपी संतोष कुमार सिंह, एसडीएम निधि भारद्वाज, नायब तहसीलदार सतीश यादव ने यमुना नदी पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की थी। उन्होंने युवक व उसके बच्चों की तलाश में लगे गोताखोरों से सर्च अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। हालांकि देर शाम तक गोताखोरों को कोई सफलता हासिल नही हुई थी। रविवार सुबह पीएसी व प्राइवेट गोताखोरों ने युवक व उसके बच्चों की तलाश में एक बार फिर यमुना नदी में सर्च अभियान शुरू किया।
सी दौरान गोताखोरों को कांधला क्षेत्र के ग्राम इस्सोपुरटील के सामने यमुना नदी से युवक सलमान की पुत्री महक का शव बरामद हो गया। जबकि दोपहर के समय युवक सलमान का शव जनपद बागपत के छपरौली थानाक्षेत्र के गांव टांडा के सामने यमुना नदी पर बने पुल के पास से बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पंचायतनामा भरने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि मृतक सलमान के तीन अन्य बच्चों शिफा, इनाया व अयान की तलाश में गोताखोर यमुना नदी में सर्च अभियान चलाए हुए है। वहीं, सलमान के पिता शफीक ने मृतक की पत्नी व एक महिला समेत छह लोगों पर पुत्र का उत्पीड़न करके आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाए है।
आरोपियों में चार लोग जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थानाक्षेत्र के गांव जौला के शामिल है। वायरल वीडियो में भी युवक ने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया था। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि यमुना नदी में कूदे युवक व उसकी एक बेटी का शव बरामद हो गया है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक के तीन अन्य बच्चों की तलाश में गोताखोर यमुना नदी में सर्च अभियान चला रहे है। अभी मामले में तहरीर प्राप्त नही हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
कोतवाली में ही हो गया विवाद, छीना-झपटी में फटी तहरीर | Kairana News
दो दिन पूर्व चार मासूम बच्चों के साथ में यमुना नदी में कूदे मृतक युवक सलमान के परिजन मामले में रविवार को कोतवाली में तहरीर देने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि तहरीर में मृतक की पत्नी व एक अन्य महिला समेत छह लोगों को नामजद करते हुए युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था। इसी दौरान कोतवाली परिसर में ही तहरीर में नामजद किये गए नामों को लेकर मृतक युवक के परिजनों में विवाद हो गया। उनमें नामजद आरोपियों को लेकर मतभेद थे।
मृतक के परिजनों में कुछ लोग नामजद आरोपियों के नाम बदलने की बात कह रहे थे, जबकि कुछ तहरीर में लिखे नामों को ही पर्याप्त बता रहे थी। इसी बीच पुलिस के पास पहुंचने से पूर्व ही छीना-झपटी में तहरीर फट गई। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि कोतवाली में तहरीर लेकर आये लोगो में किसी बात को लेकर मतभेद थे। तहरीर उनके पास आने से पहले ही छीना-झपटी में फट गई।
यह भी पढ़ें:– Bhiwani GRP Police: भिवानी जीआरपी पुलिस ने रेलवे जंक्शन पर चलाया विशेष सुरक्षा अभियान