BJP attack in Jalpaiguri: कोलकाता। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले में मालदा उत्तर से सांसद खगेन मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए। West Bengal News
सूत्रों के अनुसार, भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में आई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों का निरीक्षण करने नागराकाटा पहुँचा था। इसी दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने भाजपा नेताओं के काफिले पर पथराव कर दिया और वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तस्वीरों में देखा गया कि सांसद खगेन मुर्मू लहूलुहान अवस्था में थे और सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें तुरंत गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इस हमले के पीछे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं का हाथ बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “भाजपा सांसद खगेन मुर्मू, जो सम्मानित आदिवासी नेता हैं, उन पर उस समय हमला किया गया जब वे बाढ़ और बारिश से पीड़ित लोगों की मदद के लिए दुआर्स क्षेत्र जा रहे थे। ममता बनर्जी खुद तो कोलकाता में जश्न मना रही थीं, जबकि प्रशासन पूरी तरह नदारद था।”
सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार को लिया आड़े हाथों | West Bengal News
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि, “जब उत्तर बंगाल बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहा था, तब मुख्यमंत्री कोलकाता में कार्निवल में नाच रही थीं। इस अमानवीय रवैये से जनता आक्रोशित है।” सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि ममता सरकार भाजपा नेताओं की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है और अब हिंसक तत्वों के सहारे राहत कार्यों में बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं पर हमले करवाकर भी मुख्यमंत्री जनता की सेवा भावना को नहीं रोक पाएंगी।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि वह इस तरह की हिंसा से डरने वाली नहीं है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “नागराकाटा में हमारे सांसद पर हमला ममता बनर्जी की हताशा को दिखाता है। भाजपा जनता के बीच काम करना जारी रखेगी और बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद करती रहेगी।” West Bengal News