हमसे जुड़े

Follow us

18.3 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी गाजियाबाद में...

    गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद दो शातिर हत्यारोपी गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल 

    Ghaziabad
    Ghaziabad गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद दो शातिर हत्यारोपी गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल 

    गाजियाबाद(सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। राजधानी दिल्ली से सटे पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना मुरादनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या के दो मामलों में वांछित एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी बाद में कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं। एसीपी मसूरी, लिपि नगायच ने मीडिया को बताया कि थाना मुरादनगर पुलिस टीम गंगनहर पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में दर्ज हत्या के मामलों   में वांछित दो आरोपी गंगनहर के लोहे के पुल से कुछ दूरी पर मौजूद हैं।

    सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जैसे ही पुलिस टीम बदमाशों के करीब पहुंची, उन्होंने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। गिरफ्तार घायल बदमाश ने अपना नाम हरीश त्यागी पुत्र हुकुम सिंह त्यागी निवासी गोविंदपुरी, थाना मोदीनगर, गाजियाबाद  बताया। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने साथी  संदीप कुमार पुत्र जयकिशन निवासी बृज विहार कॉलोनी, थाना मुरादनगर के साथ मिलकर 27 अक्टूबर 2025 को गंग नहर के पास जंगल में एक युवक अनिल की हत्या की थी। इसके अलावा, 31 अक्टूबर को एक ट्रक कंडक्टर की हत्या पैसे लूटने के इरादे से की थी। पुलिस टीम ने कांबिंग के दौरान फरार आरोपी संदीप कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। दोनों आरोपियों ने दो हत्याओं की बात कबूल की है। उनके कब्जे से  एक अवैध तमंचा,एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस,एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।  घायल आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है। एसीपी ने बताया कि आरोपी हरीश त्यागी के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।