हमसे जुड़े

Follow us

33.4 C
Chandigarh
Thursday, April 16, 2026
More
    Home देश BJP Bihar: बि...

    BJP Bihar: बिहार जीत के बाद भाजपा की बगावती तेवर दिखाने वाले तीन बड़े नेताओं पर बड़ी कार्रवाई

    BJP Bihar News

    पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली जीत के तुरंत बाद भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह सहित तीन नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। पार्टी ने आर.के. सिंह को छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया है। इसी क्रम में कटिहार की मेयर ऊषा अग्रवाल तथा विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल पर भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर अनुशासनात्मक कदम उठाए गए हैं। BJP Bihar News

    पार्टी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित नेताओं की गतिविधियाँ संगठन की विचारधारा और दिशा-निर्देशों के विपरीत रही हैं, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचा है। नोटिस में यह भी उल्लेख है कि उन्हें कारण बताने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है, अन्यथा उनके निष्कासन पर विचार किया जाएगा। चुनाव के बाद बागी रुख अपनाने वाले नेताओं पर यह भाजपा की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

    गौरतलब है कि चुनाव अभियान के दौरान आर.के. सिंह कई बार पार्टी नेतृत्व के खिलाफ खुलकर बोलते देखे गए। उन्होंने विभिन्न मंचों से राज्य सरकार और एनडीए नेताओं पर भ्रष्टाचार संबंधी आरोप लगाए थे। साथ ही, जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा लगाए गए आरोपों का भी उन्होंने समर्थन किया था, जिससे राजनीतिक हलकों में काफी हलचल पैदा हुई।

    सितंबर माह में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आर.के. सिंह ने कहा था कि वे पूर्व में बिहार के गृह सचिव रह चुके हैं और उन्हें कई महत्वपूर्ण मामलों की जानकारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि राज्य में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून की भी खुलकर आलोचना की थी और इसे समाप्त करने की वकालत की थी। BJP Bihar News