हमसे जुड़े

Follow us

27.1 C
Chandigarh
Tuesday, March 17, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी हरियाणवी युवक...

    हरियाणवी युवक की मौत के मामले में एक गिरफ्तार, कारागार रवाना

    Kairana
    Kairana: हरियाणवी युवक की मौत के मामले में एक गिरफ्तार, कारागार रवाना

    एक सप्ताह पूर्व गांव भूरा के जंगल में स्थित ईंख के खेत से बरामद हुआ था युवक का गोली लगा शव

    • मृतक के भाई ने पड़ोसी गांव गढ़ी बेशक निवासी दो नामजद समेत चार लोगों पर लगाया था हत्या का आरोप
    • पुलिस के अनुसार, लूट के पैसे के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में की गई थी युवक की हत्या

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana: कोतवाली पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व हुई हरियाणवी युवक की मौत के मामले में नामजद किये गए एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, लूट के पैसे के बंटवारे को लेकर युवक की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था। हालांकि पुलिस अभी तक युवक की मौत की घटना को आत्महत्या मानकर चल रही थी।

    विगत 03 दिसंबर को क्षेत्र के गांव भूरा के जंगल में स्थित गांव कण्डेला निवासी पवन शर्मा के ईंख के खेत से एक युवक का सीने में गोली लगा शव बरामद हुआ था। शव के पास से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा तथा आधार कार्ड व बाइक की आरसी बरामद की थी। शव के पास मिले तमंचे में एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था, जिसके चलते पुलिस युवक की मौत को आत्महत्या मानकर चल रही थी। मृतक युवक की पहचान हरियाणा के जनपद पानीपत के सनौली थाने के गांव राणा माजरा निवासी प्रवेज के रूप में हुई थी। मामले की सूचना पर एएसपी शामली सुमित शुक्ला व सीओ कैराना हेमंत कुमार ने फॉरेंसिक टीम के साथ में मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की थी। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। Kairana

    वहीं, मृतक युवक के भाई अरमान ने अपने पड़ोसी गांव गढ़ीबेशक निवासी आसिफ व शोएब तथा दो अज्ञात लोगो के विरुद्ध कोतवाली कैराना पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी शामली ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मंगलवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रतापसिंह के निर्देशानुसार आपराधिक घटनाओं में लिप्त एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद कराए गए आरोपी आसिफ निवासी ग्राम गढ़ीबेशक को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि मृतक व आरोपी करनाल जिले के घरौंडा में हुई लूट की घटना में शामिल थे। लूट के पैसे के बंटवारे को लेकर आरोपियों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। Kairana

    यह भी पढ़ें:– बजरंग दल ने गोहत्या पर रोक लगाने की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा