
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana National Lok Adalat: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामली के तत्वावधान में शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इंद्रप्रीत सिंह जोश ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी कैराना निधि भारद्वाज समेत न्यायिक अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय शामली द्वारा 24, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) द्वारा 175, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) द्वारा 05 तथा अन्य न्यायालयों में भी कई मामलों का निस्तारण किया गया।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कैराना ने 1008, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शामली ने 1537, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कैराना ने 848, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) शामली ने 980, न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली ने 1050, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कैराना ने 715 तथा अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कैराना कोर्ट संख्या-1 ने 622 मामलों का निस्तारण किया। जनपद के न्यायालयों में कुल 7361 वादों का निस्तारण करते हुए लगभग 74.54 लाख रुपये का सेटलमेंट कराया गया। वहीं, राजस्व न्यायालयों में 1,89,852 मामलों का निस्तारण हुआ। बैंक से संबंधित 457 प्री-लिटिगेशन मामलों में 5.74 करोड़ रुपये का समझौता कराया गया। इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 1,97,670 मामलों का निस्तारण हुआ और 6.49 करोड़ रुपये की धनराशि का सेटलमेंट कराया गया। प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामली ने लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार जताया।
यह भी पढ़ें:– शत्रु सम्पत्ति की भूमि पर अवैध कब्जे और नाला निर्माण का आरोप, कार्यवाही की मांग














