हमसे जुड़े

Follow us

32 C
Chandigarh
Monday, March 30, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी यूपी के कई जि...

    यूपी के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, सरकार ने कहा-पर्याप्त है स्टॉक

    Lucknow
    Lucknow यूपी के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, सरकार ने कहा-पर्याप्त है स्टॉक

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने और संभावित कमी की अफवाहों के चलते गुरुवार को कई जगहों पर पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और यातायात तक प्रभावित हुआ। यह हालात अयोध्या, अंबेडकर नगर और बहराइच समेत तमाम जिलों ने दिखायी पड़े। प्रयागराज के अलोपीबाग, सिविल लाइंस, करेली और मीरापुर जैसे इलाकों में लोगों ने आधा टैंक भरा होने के बावजूद ईंधन भरवाने के लिए लंबी कतारें लगा दीं। कई जगहों पर लाइनें सड़कों तक फैल गईं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही हाल देखने को मिला, जहां पेट्रोल पंप कर्मियों को भीड़ संभालने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी।

    बहराइच में भी शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में अचानक मांग बढ़ी, हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी 121 पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य और पर्याप्त है। अंबेडकर नगर में हालात कुछ ज्यादा बिगड़े नजर आए, जहां कई पेट्रोल पंपों पर ह्लनो फ्यूलह्व के बोर्ड लग गए। बस्कहरी, जलालपुर और जहांगीरगंज जैसे इलाकों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की खबरें आईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पंपों पर दोपहिया वाहनो के लिए 200 रुपये और चारपहिया के लिए 500 रुपये के ईधन की सीमा तय करनी पड़ी। श्रावस्ती में कंटेनरों में ईंधन भरने पर रोक लगाने से किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया, जिसे बाद में पुलिस ने शांत कराया। लखीमपुर खीरी में भी कुछ पेट्रोल पंपों पर राशनिंग लागू की गई। वहीं कानपुर, फरुर्खाबाद और जालौन में भी इसी तरह की भीड़ देखने को मिली। तेल कंपनियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उनके डिपो में 20 से 22 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। यूपी में करीब 13,168 पेट्रोल पंप संचालित हैं और कहीं भी आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, एक निजी कंपनी द्वारा कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा से भी लोगों में घबराहट बढ़ी। हालांकि आगरा में ईंधन आपूर्ति सामान्य रही और वहां ऐसी कोई अफरा-तफरी नहीं देखी गई। प्रशासन और तेल कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संयमित तरीके से ईंधन का उपयोग करें और अनावश्यक भंडारण से बचें। सरकार का कहना है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।