
मीरापुर।(सच कहूं/कोमल प्रजापति) भगवंत ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘संघ यात्रा: संगठन व सेवा के 100 वर्ष’ विषय पर एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संस्थान के विभिन्न विभागों से कुल 487 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान एवं संगठनात्मक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता के नियमों और संरचना की विस्तृत जानकारी दी गई। क्विज का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास, विचारधारा, राष्ट्र निर्माण में योगदान, सामाजिक सेवा कार्यों एवं संगठनात्मक संरचना से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1925 में विजयदशमी के दिन इसकी स्थापना हुई थी और आज यह संगठन 100 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पूर्ण कर चुका है। उन्होंने सामाजिक समरसता, सेवा कार्य (आपदा राहत, शिक्षा, स्वास्थ्य), राष्ट्रवाद एवं सांस्कृतिक संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रश्नों का स्तर अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप रखा गया, जिससे विद्यार्थियों को भविष्य की परीक्षाओं में भी लाभ मिल सके। संस्थान के चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम एवं सेवा भावना को विकसित करते हैं और युवा पीढ़ी को संघ के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. अनुराग विजय अग्रवाल, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. पुष्पनील वर्मा, डीन डॉ. अजय सिंह, नर्सिंग प्राचार्या डॉ. विजया डी. तथा फार्मेसी प्रिंसिपल डॉ. सचिन सिंहल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में इंजीनियर निकुल चौधरी, गौरव राजपूत, उदित कुमार चौहान, डॉ. शीतल राजपूत, डॉ. कावेंद्र यादव एवं महिपाल सिंह का विशेष योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और उनके समग्र विकास में सहायक सिद्ध हुआ।














