
अंबाला (सच कहूँ न्यूज़)। Ambala Road Accident: अधोया-थाना छप्पर मार्ग पर सारन गांव के समीप एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में डेरा सलीमपुर के एक प्रगतिशील किसान और उनके साथ जा रहे एक खेतिहर मजदूर की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब गन्ना लेकर जा रहे ट्रैक्टर के आगे अचानक सामने से आ रहे एक कैंटर का टायर निकल कर टकरा गया। इस भीषण टक्कर के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढों में जा पलटी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और करीब आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए। Ambala Road Accident
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल नानकचंद के अनुसार, डेरा सलीमपुर निवासी निर्मल सिंह अपनी बेटी के खेतों में बिजाई के लिए ट्रॉली में गन्ना भरकर यमुनानगर के गधौली गांव जा रहे थे। जैसे ही उनका ट्रैक्टर सारन के पास पहुंचा, कबाड़ से लदे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान कैंटर का एक टायर अचानक धुरी से निकलकर सीधे ट्रैक्टर के अगले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निर्मल सिंह स्टीयरिंग पर नियंत्रण खो बैठे और वाहन पलट गया।
मलबे के नीचे दबने से चालक निर्मल सिंह और बिहार मूल के श्रमिक बबलू यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली के पीछे बैठे ईश्वर, भुट्टू, संदीप, शिवदयाल और कृष्ण को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए यमुनानगर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। Ambala Road Accident
यह भी पढ़ें:– गोल्डी बराड़ के नाम पर दो करोड़ की रंगदारी मांगने वाले आरोपी गिरफ्तार














