हमसे जुड़े

Follow us

23.5 C
Chandigarh
Sunday, March 29, 2026
More
    Home राज्य पंजाब गोल्डी बराड़ क...

    गोल्डी बराड़ के नाम पर दो करोड़ की रंगदारी मांगने वाले आरोपी गिरफ्तार

    Jalandhar News
    सांकेतिक फोटो

    विदेश में रह रहे रिश्तेदार ने रची साजिश, अंतरराष्ट्रीय ई-सिम के जरिए दी धमकियां

    जालंधर (सच कहूँ न्यूज)। Jalandhar News: पंजाब में जालंधर ग्रामीण पुलिस ने शंकर गांव के एक प्रवासी बुजुर्ग दंपति से गोल्डी बराड़ के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तीरथ सिंह पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी बहादुरपुर, थाना बिल्गा, जिला जालंधर और जशनदीप सिंह उर्फ जशन पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी धर्मकोट, थाना सदर नवांशहर, जिला शहीद भगत सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक विनीत अहलावत ने बताया कि असामाजिक तत्वों और रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक टीम गठित की गई थी।

    आधुनिक तकनीकी तरीकों, मानवीय इंटेलिजेंस और तकनीकी विश्लेषण का उपयोग करते हुए टीम ने दोनों आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के अनुसार, 12 जनवरी को रात करीब 11:30 बजे पीड़ित पवित्र सिंह को एक अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ गिरोह का सदस्य बताया और 10 दिनों में दो करोड़ रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद 21 मार्च को उनके विदेश में रहने वाले बेटे रंजीत सिंह को भी इसी तरह की धमकी भरी कॉल और व्हाट्सएप मैसेज मिला। Jalandhar News

    जांच में सामने आया कि आरोपी तीरथ सिंह, जो कनाडा में रहता है और पीड़ित परिवार का रिश्तेदार है, फरवरी में भारत आया था। उसने टैक्सी ड्राइवर जशनदीप सिंह के साथ मिलकर यह साजिश रची। तीरथ सिंह ने पीड़ित परिवार की संपत्ति और आर्थिक स्थिति की जानकारी जशनदीप को दी। योजना के अनुसार, जशनदीप को 25 लाख और तीरथ सिंह को 1.25 करोड़ रुपये मिलने थे। जशनदीप ने आॅनलाइन अंतरराष्ट्रीय ई-सिम हासिल कर अपने घर से ही कॉल और मैसेज किए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा। आगे की गहन पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें:– Train: गढ़ी-हरसरू के पास ट्रेन की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत