हमसे जुड़े

Follow us

18.1 C
Chandigarh
Saturday, February 7, 2026
More
    Home न्यूज़ ब्रीफ सरसा में एक्य...

    सरसा में एक्यूआई 293 पर पहुंचा, सांस लेने व आंखों की तकलीफ बढ़ी

    Air Pollution in Sirsa

    सरसा(सच कहूँ/सुनील वर्मा)। खेतों में धान की पराली जलने और वातावरण में ठंडक बढ़ने के चलते सरसा में प्रदूषण का स्तर 293 पर पहुंच गया। जिसके चलते नागरिक अस्पताल में सांस और आंखों की तकलीफ से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़नी शुरू हो गई है। नागरिक अस्पताल में सांस, टीबी, दमा, आंखों व बुजुर्ग मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वातावरण में धुएं का गुबार छाने से फिजिशियन के पास मरीजों की संख्या करीब 10 प्रतिशत बढ़ी है। रोजाना करीब 100 मरीज जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं।

    डॉक्टर मरीजों को घर से बाहर निकलने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं। ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। स्मॉग के कारण वायु प्रदूषण अधिक होने के चलते नगर परिषद ने भी शहर में निर्माण कार्य पर पाबंदी लगा दी है। नगर परिषद की टीमें भी शहर में जाकर निरीक्षण कर जांच करेंगी, ताकि कोई भी व्यक्ति आदेश की अवहेलना न कर सके। जो आदेश का उल्लंघन करेगा, उसका चालान काटा जाएगा। इसके अलावा शहर के मुख्य रोड सहित अन्य स्थानों पर पानी का छिड़काव करवाए जाने की भी तैयारी की गई है। दमकल और निजी वाहनों की सहायता से छिड़काव करवाया जाएगा।

    एक्यूआई बढ़ने पर कृषि विभाग ने बढ़ाई सख्ती

    एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ने के कारण बुधवार से ही आसमान में धुएं का गुबार छाया रहा। कृषि विभाग ने इसको देखते हुए सख्ती करने का निर्णय लिया है। कृषि विभाग ने सभी सुपरवाइजरों को निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। दिन के साथ-साथ रात को भी अधिकारी गांवों में निरीक्षण करेंगे। जिला में अब तक हरसेक और कृषि विभाग को 41 लोकेशनों पर पराली जलने घटनाएं मिली हैं। किसानों को एक लाख 30 हजार रुपए का जुर्माना किया गया है।

    ‘‘पराली जलाने के कारण स्मॉग छा रहा है। सांस, दमा, अस्थमा, आंखों के मरीजों को अपना बचाव करना चाहिए। लोग घरों में ही अधिक रहें। अगर कोई व्यक्ति बाहर निकलता है तो वह मास्क का इस्तेमाल करें।
    -डॉ. मीनाक्षी, फिजिशियन शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल सरसा।

    ‘‘आसमान में स्मॉग की स्थिति बन गई है। इसके बाद शहर में निर्माण कार्य पर भी रोक लगा दी है। शहर में आगामी आदेशों तक निर्माण कार्य बंद रहेंगे। शहर में अगर कोई भी व्यक्ति आदेश की उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा शहर में छिड़काव भी करवाया जाएगा।
    -संदीप मलिक, ईओ, नगर परिषद, सरसा।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here