होली से पहले कल्याण फार्म पर जनसुनवाई, गांवों की चौपाल, नाला, सड़क और आवास अनुदान के मुद्दे उठे
घरौंडा (सच कहूँ न्यूज़)। Gharaunda News: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अपने कल्याण फार्म पर जनसुनवाई कर सामूहिक और निजी समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि क्षेत्र के लोग उनके लिए परिवार जैसे हैं। इसलिए वे व्यस्तता के बावजूद लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता में शामिल है। वे कोशिश करते हैं कि मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या का हल कराया जाए।
फूसगढ़ गांव के ग्रामीणों ने पाल समाज की चौपाल की चारदीवारी, रसोईघर और एक कमरे के निर्माण कार्य की शुरुआत करवाने की मांग रखी। साथ ही नाला पक्का करवाने, स्कूल को अपग्रेड करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनवाने और एससीबीसी कॉलोनी में गलियां व सीवरेज डलवाने का अनुरोध किया। इस पर हरविन्द्र कल्याण ने आश्वासन दिया कि गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा और जरूरी कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएंगे।
गांव पूंडरी निवासी मोनिका ने अम्बेडकर नवनीकरण आवासीय योजना के तहत मकान मरम्मत के लिए स्वीकृत 80 हजार रुपए की अनुदान राशि दिलवाने के संबंध में आवेदन दिया। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वीकृत अनुदान का लाभ जल्द दिलवाया जाएगा। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज करनाल और शुगर मिल करनाल के कर्मचारियों ने सुरक्षा कर्मी का पदनाम बदलकर सुरक्षा गार्ड करने और नियमानुसार वेतन दिलवाने की मांग उठाई। इस पर हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर समाधान किया जाएगा।
शाहजानपुर में अधूरी चौपाल पूरी होगी | Gharaunda News
गांव शाहजानपुर (धयाना) निवासी सतपाल वाल्मीकि ने चौपाल के अधूरे पड़े कार्य को पूरा करवाने का अनुरोध किया। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी चौपाल को अधूरा नहीं रहने दिया जाएगा। गांव रायपुर जाटान निवासी रोहताश पहलवान ने गांव में फिरनी का निर्माण, बीपीएल कॉलोनी में पीने के पानी की लाइन, गलियों का निर्माण और वाल्मीकि भवन में बड़ा हॉल बनवाने की मांग रखी। अध्यक्ष ने इन सभी कार्यों को हरसंभव पूरा करवाने का भरोसा दिया।
झिमरेहड़ी में रास्ता और पानी निकासी का मुद्दा
गांव झिमरेहड़ी निवासी सलिंद्र मोकल, राजेश नंबरदार और जसबीर फौजी सहित ग्रामीणों ने रिंग रोड के साथ रास्ता पक्का करवाने और खेतों से पानी निकासी के लिए रिंग रोड़ के साथ नाले के निर्माण का आवेदन दिया। हरविन्द्र कल्याण ने आश्वासन दिया कि इन कार्यों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द पूरा करवाया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान लोगों में संतोष नजर आया।
यह भी पढ़ें:– ठगी के लिए विदेश में बैठे साइबर ठगों के तीन साथी काबू















