हथियार व नशीले पदार्थों की तस्करी के मॉड्यूल का भंडाफोड़
अमृतसर (सच कहूँ/राजन मान)। Amritsar News: एक केन्द्रित व खुफिया सूचना आधारित कार्रवाई के तहत कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने सीमा पार संपर्कों वाले हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर आइस ड्रग तथा अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। अपराधियों की धरपकड़ के उद्देश्य से चलाए जा रहे गश्त व तलाशी अभियानों के दौरान पुलिस टीमों ने सतनाम सिंह उर्फ बिंदी को गिरफ्तार किया। उसकी व्यक्तिगत तलाशी के दौरान 523 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) तथा दो ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल बरामद की गर्इं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह बरामद आइस ड्रग रमन, चिराग, ऋषभ और वैभव को सप्लाई कर रहा था। Amritsar News
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों आरोपियों को नामजद कर गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच में सामने आया कि सतनाम सिंह उर्फ बिंदी सिग्नल ऐप के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया स्थित ढिल्लों नामक एक हैंडलर के सीधे संपर्क में था। यह हैंडलर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी किए जा रहे ड्रग्स और अवैध हथियारों की आपूर्ति का समन्वय करता था। हैंडलर केवल पहचान संबंधी विवरण जैसे कपड़े या प्राप्तकर्ताओं के भौतिक संकेत साझा करता था, ताकि सप्लायर और रिसीवर एक-दूसरे को न पहचान सकें। यह एक संगठित और सुरक्षित तस्करी नेटवर्क को दर्शाता है।
बताया गया कि आइस ड्रग (मेथामफेटामाइन) की कीमत हेरोइन से लगभग पांच गुना अधिक होती है, जो इसके उच्च व्यावसायिक मूल्य और गंभीर खतरे को दर्शाती है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह उर्फ बिंदी (निवासी गांव कक्कड़, थाना लोपोके, अमृतसर ग्रामीण), रमन (इंदिरा कॉलोनी, छब्बल रोड, अमृतसर), चिराग (खजाना गेट, अमृतसर), ऋषभ (खजाना गेट, अमृतसर) तथा वैभव (बाबा दीप सिंह एन्क्लेव, अमृतसर) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:– छह वर्षों से बिना डॉक्टर के चल रही गांव बीहला की सरकारी डिस्पेंसरी















