श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थायी शौचालय व सड़क निर्माण पूर्ण कराने की मांग
हनुमानगढ़। क्षेत्र की समाजसेवी संस्था हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) ने शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को पत्र सौंपकर आगामी मां भद्रकाली मेला (Maa Bhadrakali Fair) के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधाओं से अवगत कराया है। समिति ने मेला अवधि से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित करने की मांग की है। समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल ने बताया कि क्षेत्र का प्रसिद्ध मां भद्रकाली मेला 19 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित होगा। मेले के दौरान पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु मां भद्रकाली के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। Hanumangarh News
इसके अतिरिक्त पूरे वर्षभर, विशेषकर प्रत्येक शनिवार और रविवार को भी हजारों श्रद्धालु मंदिर में दर्शनार्थ आते हैं। समिति ने पत्र में उल्लेख किया है कि मेला क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए स्थायी शौचालयों का अभाव है। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में देवस्थान विभाग को महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग स्थायी शौचालयों का निर्माण कर उन्हें वर्षभर संचालित रखने तथा मेला क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाने की मांग की गई है।
अधूरी सड़क बनी चिंता का कारण
समिति सचिव सुनील धूड़िया ने बताया कि टाउन क्षेत्र से भद्रकाली मेला स्थल तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से लंबे समय से किया जा रहा है, लेकिन कोलतार नहीं डाले जाने से सड़क अधूरी पड़ी है। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। समिति ने मांग की है कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व उक्त सड़क का कारपेटिंग कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। समिति पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर पीडब्ल्यूडी व देवस्थान विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात की। इस मौके पर समिति उपाध्यक्ष रामकुमार मंगवाना भी मौजूद रहे। Hanumangarh News















