हमसे जुड़े

Follow us

17.4 C
Chandigarh
Friday, April 10, 2026
More
    Home देश बंगाल में तृण...

    बंगाल में तृणमूल, असम-पुड्डुचेरी में राजग, केरल में वाम मोर्चा, तमिलनाडु में द्रमुक को सत्ता

    Assembly Election Results 2021

    नई दिल्ली (एजेंसी)। देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने प्रचंड बहुमत से तीसरी बार सत्ता में वापसी की है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) असम में सत्ता अपने पास रखने में कामयाब रही तथा पड्डुचेरी में इसने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया है। केरल में वाम मोर्चा ने दोबारा सत्ता में वापसी की है जबकि तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक को करारा झटका देते हुए द्रमुक सत्ता हासिल करने में कामयाब रही है। पश्चिम बंगाल में 290 सीटों के नतीजे आ चुके हैं जिनमें से तृणमूल ने 211 सीटों पर जीत हासिल की है और दो सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम सीट पर कांटे की टक्कर में भाजपा के शिवेन्दु अधिकारी से करीब 1957 मतों से चुनाव हार गयी हैं। भाजपा ने 77 सीटें जीती हैं। राज्य में निर्दलीय के खाते में अभी तक दो सीट आई है।

    केरल में सभी 140 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक राज्य में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने 62 सीटें जीती हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के खाते में 17 सीटें आयी हैं। वहीं कांग्रेस को 21 सीटें मिली हैं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने 15 सीटें जीती हैं। तमिलनाडु में 234 सीटों में से 224 सीटों के नतीजे आ चुके हैं और विभिन्न दल 10 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। अन्नाद्रमुक ने 64 सीटें जीती हैं और वह दो पर आगे चल रही है जबकि द्रमुक के खाते में 126 सीटें आयी हैं तथा वह सात सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत हासिल हुई है। पुड्डुचेरी में सभी 30 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें आल इंडिया एन आर कांग्रेस ने 10 सीटें जीत ली है। भाजपा, द्रमुक तथा निर्दलीय को क्रमश: छह-छह सीटें मिली हैं। वहीं कांग्रेस दो सीटों पर सिमट कर रह गयी है।

    असम में सभी 126 सीटों के परिणाम घोषित किये जा चुके हैं। भाजपा ने 60 सीटें जीती हैं। राज्य में कांग्रेस के 29 उम्मीदवार जीत हासिल करने में कामयाब हो गये हैं। सुश्री बनर्जी ने रविवार शाम कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को सहयोग नहीं किया और वह इसके खिलाफ उच्चतम न्यायालय जायेंगी। उन्होंने कहा कि यह जीत बंगाल की जीत है। उन्होंने नंदीग्राम सीट से अपनी पराजय स्वीकार करते हुए कहा कि नंदीग्राम के बारे में चिंता मत करिए, मैंने नंदीग्राम के लिए आंदोलन किया था और वहां संघर्ष किया है। नंदीग्राम के लोगों ने जो जनादेश दिया है, उसे मैं स्वीकार करती हूं। तृणमूल कांग्रेस ने 221 से अधिक सीटें जीती हैं। भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम एक सादे समारोह के रूप में होगा।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।