हमसे जुड़े

Follow us

26.9 C
Chandigarh
Thursday, February 26, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा प्रदेश के 22 ...

    प्रदेश के 22 लाख परिवारों को दिया जाएगा आयुष्मान भारत योजना का लाभ : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

    • स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार के लिए महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज को दी 81.5 करोड़ रुपये की सौगात

    • मेडिकल कॉलेज परिसर में अस्पताल के नवनिर्मित ब्लॉक-डी का किया लोकार्पण

    • दीक्षांत समारोह के दौरान पासआउट स्टूडेंट्स को 255 डिग्रीयां व 29 मेडल दिए गए

    उकलाना। (सच कहूँ/कुलदीप स्वतंत्र) हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए वचनबद्घ है। सरकार द्वारा अधिक से अधिक गरीब परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मुहैया करवाने के लिए बीपीएल परिवारों की वार्षिक आमदनी को बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार कर दिया है। इसके बाद बीपीएल परिवारों की संख्या 10 लाख से बढक़र लगभग 22 लाख हो जाएगी। इन सब परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।

    वे शनिवार को महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा स्थित ओपी जिंदल ऑडिटोरियम में आयोजित द्वितीय दीक्षांत समारोह को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 81.5 करोड़ रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। इसमें मेडिकल कॉलेज में विभिन्न संकायों के भवन निर्माण हेतू 25 करोड़ रुपये, हॉस्टल निर्माण के लिए 17 करोड़ रुपये, विभिन्न उपकरणों की खरीद हेतू 23 करोड़ रुपये तथा अन्य संसाधनों के लिए 16.5 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इससे पूर्व उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में अस्पताल के नवनिर्मित ब्लॉक-डी का भी लोकार्पण किया।

    अपने संबोधन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की प्रक्रिया जारी है। इस समय प्रदेश में 13 मेडिकल कॉलेज है तथा 8 मेडिकल कॉलेज प्रक्रियाधीन है। इस समय प्रदेश में लगभग 13 हजार चिकित्सक हैं, सरकार का लक्ष्य है कि इनकी संख्या को बढ़ाकर 28 हजार किया जाए। इसके लिए हर साल 2650 डॉक्टर्स तैयार किए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री ने नव-चिकित्सकों का आह्वान किया कि वे शिक्षार्थ आइए-सेवार्थ जाइए की भावना को चरितार्थ करें और चिकित्सा क्षेत्र को व्यवसाय ना बनाकर सेवा-मिशन बनाएं। उन्होंने कहा कि हम सभी का लक्ष्य रोग के बेहतर उपचार के साथ-साथ यह भी होना चाहिए कि व्यक्ति बीमार ना पड़े और स्वस्थ जीवन जिए, इसके लिए एलोपेथी और आयुर्वेद का बेहतर सामंजस्य बनाया जाए। हमें आहार को औषधि के रूप में ग्रहण करने की तरफ जाना होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेडिकल कॉलेज के प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए कहा कि कॉलेज ने कोविड महामारी के दौरान न केवल आस-पास के जिलों बल्कि पंजाब व राजस्थान के बीमार व्यक्तियों को भी बेहतरीन चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की। इसके लिए सरकार द्वारा अग्रोहा मेडिकल कॉलेज को गुड गवर्नेंस अवॉर्ड भी दिया गया है। इस मौके पर उन्होंने महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा की पुस्तिका सृजन का भी विमोचन किया।

    अपने संबोधन में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का अभिनंदन किया और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा का नामकरण महाराजा अग्रसेन के नाम पर करने के लिए पूरे समाज की ओर से उनका धन्यवाद भी किया।  उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री एवं प्रमुख उद्योगपति स्वर्गीय ओम प्रकाश जिंदल ने हिसार को स्टील सिटी के रूप में स्थापित कर पूरे विश्व में पहचान दिलाई। इसी प्रकार से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की स्थापना के बाद से ही यहां आस-पास के अनेक जिलों के व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि चिकित्सा क्षेत्र का आधारभूत ढांचा ऐसा होना चाहिए कि जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों को बेहतर सुविधाएं देकर उनकी जान बचाई जा सके। इसके लिए आमतौर पर होने वाली बीमारियों पर ज्यादा ध्यान केंद्रीत किया जाना चाहिए।

    श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में क्षेत्र के नागरिकों को चिकित्सा से संबंधित बेहतर सेवाएं मुहैया करवाई जा रही है। संस्थान में सुविधाओं की बढ़ोतरी करने से रोगियों को अपना उपचार करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं स्टाफ द्वारा कोरोना महामारी के दौरान उत्कृष्ट कार्य किया गया।

    राज्य सभा सांसद डीपी वत्स ने अपने संबोधन में कहा कि मेडिकल कॉलेज द्वारा प्रदत्त की जा रही सेवाओं में समाज के नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ने बेहतर ऑक्सीजन प्रबंधन करके एक उदाहरण पेश किया है। वैक्सीनेशन अभियान को भी सघनता से चलाया गया, इसके लिए कैबिनेट मंत्री डॉ कमल गुप्ता का विशेष योगदान रहा।

    महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज की प्रेजीडेंट एवं पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने भावी चिकित्सको को बधाई दी और कहा कि चिकित्सकों को समाज हित के कार्य में अग्रणी रहना चाहिए। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज इसके लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के भरपूर सहयोग की वजह से यहां स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। संस्थान द्वारा प्रतिदिन 3 हजार रोगियों को ओपीडी सेवाएं दी जा रही है। पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज ग्रामीण क्षेत्रों व समाज के वंचित वर्गों के लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्घ है।

    दीक्षांत समारोह में 29 मेडल और 255 डिग्रीयां दी गई।

    दीक्षांत समारोह के दौरान 2003 से लेकर 2016 तक के बेच के पासआउट स्टूडेंट्स 29 मेडल और 255 डिग्रीयां दी गई। डॉ सपना कुंडू  को ओपी जिंदल स्वर्ण पदक से नवाजा गया। इसी प्रकार से डॉ भावना अरोड़ा को घनश्याम दास गोयल रजत पदक तथा डॉ आस्था धमीजा को बनारसी दास गुप्ता कांस्य पदक से नवाजा गया। स्वर्ण पदक, रजत पदक व कांस्य पदक प्राप्त करने वाली चिकित्सकों को क्रमश: 1 लाख रुपये, 50 हजार रुपये तथा 25 हजार रुपये की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी गई।

    इस अवसर पर बरवाला के विधायक जोगीराम सिहाग, मंडलायुक्त चंद्रशेखर, आईजी राकेश आर्य, मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग हरियाणा के निदेशक डॉ आदित्य दहिया, उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी एवं पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारीगण व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here