देश को तोड़ने का काम कर रहे भाजपा व आरएसएस’

कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने प्रेसवार्ता में साधा निशाना

  • कहा, जनता की समस्याओं से रूबरू होने के लिए निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा

कैराना। (सच कहूँ न्यूज) भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ऊंचागांव विश्राम स्थल पर आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने भारतीय जनता पार्टी तथा आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पाकिस्तान को तोड़ने का काम किया है, जबकि भाजपा व आरएसएस नफरत के बल पर देश को तोड़ रहे है। कांग्रेस सांसद ने देशभर में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्यों के बारे में भी बताया।

यह भी पढ़ें:– मोर्चरी से शव गायब, परिजनों ने अस्पताल में की तोड़फोड़

कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने प्रेसवार्ता में साधा निशाना

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार को कैराना से होकर निकली। क्षेत्र के ऊंचागांव में यात्रा में शामिल कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों के विश्राम की व्यवस्था की गई थी। यहां पर कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा की घोषणा विगत 15 मई 2022 राजस्थान के उदयपुर में निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के नेतृत्व में आयोजित चिंतन शिविर के दौरान की गई।

यात्रा की शुरूआत में 118 यात्री शामिल हुए, जिन्हें कश्मीर से कन्याकुमारी तक जाना था। इन्हें भारत यात्री का नाम दिया गया। बाद में अलग-अलग राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ता भी इनके साथ चलने लगे। भारत यात्रियों की संख्या 200 तक पहुंच गई है। भारत यात्री यूपी के बाद हरियाणा, पंजाब व हिमाचल प्रदेश से होते हुए जम्मू-कश्मीर जाएंगे। जहां पर 30 जनवरी को राहुल गांधी तिरंगा फहराएंगे। उन्होंने आगे बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में 23 यात्री उत्तर प्रदेश के है।

जनता की समस्याओं से रूबरू होने के लिए निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा

कांग्रेस सांसद ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह मन की बात की यात्रा नही है। वोट जुटाओ यात्रा नही है, बल्कि देश की जनता की समस्याओं को जानने की यात्रा है। इस यात्रा ने कांग्रेस पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान की है। कार्यकतार्ओं के लिए इस यात्रा ने संजीवनी का काम किया है। इस दौरान नुक्कड़ सभाएं होती है, जिसमें अलग-अलग समुदायों तथा वर्ग के लोग आकर अपनी बात रखते है। राहुल गांधी से सीधा संवाद करते है।

उन्होंने कहा कि यह कोई इवेंट नही है। यह भाजपा व आरएसएस से विचारधारा का मुकाबला है, जिसे कई वर्ष पूर्व लड़ा जाना चाहिए था। पिछले आठ वर्षों में अनेकताओं को दबाने की कोशिश की गई है। विभाजनवादी विचारधारा का प्रचार-प्रसार हुआ है। कांग्रेस सांसद ने भाजपा व आरएसएस पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र व समुदाय के नाम पर देश को तोड़ने का काम किया है, जबकि कांग्रेस पार्टी ने पाकिस्तान को तोड़ने का काम किया था। प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के उत्तर-प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, पार्टी प्रवक्ता अखिलेश सिंह आदि उपस्थित रहे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।