अमर सेवा व ज्योतिदान मुहिम में 21 सेवादारों का पुनीत योगदान
Sirsa News: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां द्वारा दी गई मानवता, सेवा और परोपकार की शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए ब्लॉक कल्याण नगर की साध-संगत वर्ष 2025 में भी निरंतर मानव भलाई के कार्यों में अग्रणी रही। साध-संगत ने पूरे वर्ष जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों की सेवा को ही अपना उद्देश्य बनाकर समाज में सेवा, त्याग और सहयोग की मिसाल पेश की। अमर सेवा और ज्योतिदान मुहिम के अंतर्गत ब्लॉक कल्याण नगर के 21 सेवादारों ने मरणोपरांत देहदान व नेत्रदान का पुनीत संकल्प पूरा किया। Welfare Works
देहदान-नेत्रदान, राशन वितरण, रक्तदान और आपदा सेवा आदि कार्यों में निभाई अहम भूमिका
इनमें 17 सेवादारों ने शरीरदान और 4 सेवादारों ने नेत्रदान कर इस महायज्ञ में अपनी आहुति डाली। इस पुनीत कार्य से न केवल चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को लाभ मिलेगा, बल्कि जरूरतमंदों को नई जीवन-दृष्टि भी प्राप्त होगी। कुल मिलाकर ब्लॉक कल्याण नगर की साध-संगत ने वर्ष 2025 में मानवता भलाई कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सेवा, समर्पण और करुणा की एक सशक्त मिसाल कायम की है। डेप्थ कैंपेन के तहत हजारों लोगों को नशा सहित अन्य सामाजिक बुराईयों से दूर कर उन्हें राम-नाम से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाई।
जरूरतमंद परिवारों को हर माह राशन देकर दी राहत | Welfare Work
साध-संगत द्वारा सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए 118 जरूरतमंद परिवारों को हर महीने एक-एक माह का राशन उपलब्ध करवाया गया। इस राशन किट में आटा, दाल, चावल, सरसों का तेल सहित रसोई में उपयोग होने वाली सभी आवश्यक सामग्री शामिल रही, जिससे इन परिवारों को दैनिक जीवन में राहत मिली। जननी सत्कार मुहिम के तहत गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार की किटें भी दी गई है।

झुग्गी-झोेंपड़ियों व ईंट भट्ठों पर रहने वालों के लिए बने संबल
इसके अतिरिक्त ब्लॉक के सेवादारों ने 639 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियों और ईंट भट्ठों पर रहने वाले गरीब व असहाय बच्चों तथा उनके अभिभावकों को मौसम के अनुसार गर्म कपड़े व अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं, जिससे ठंड और बदलते मौसम में उन्हें सुरक्षा मिल सकी।
रक्तदान के जरिए बचाई अनगिनत जिंदगियां | Welfare Work
मानव जीवन की रक्षा को सर्वोपरि मानते हुए ब्लॉक के सेवादारों ने समय-समय पर शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल स्थित पूज्य बापू मग्घर सिंह जी इंटरनेशनल ब्लड सेंटर सहित अन्य रक्त केंद्रों में पहुंचकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बाजेकां में आशियाना मुहिम के तहत जरूरतमंद परिवार को मिला पक्का घर
ब्लॉक कल्याण नगर की साध-संगत ने आशियाना मुहिम के अंतर्गत गांव बाजेकां में एक जरूरतमंद परिवार की मदद करते हुए उसके रहने के लिए पूरा घर बनाकर सौंपा। इस नेक कार्य से परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का सहारा मिला है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत ने डेरा सच्चा सौदा के ब्लॉक कल्याण नगर की साध-संगत द्वारा किए गए इस मानवता भलाई कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
बाढ़ व बरसात के दौरान प्रशासन के साथ मिलकर की सेवा
बरसात के मौसम में हिसार घग्घर ड्रेन में क्षमता से अधिक पानी आने के कारण गांव गुड़ियाखेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में ड्रेन टूटने से उत्पन्न आपात परिस्थितियों के दौरान भी ब्लॉक कल्याण नगर के शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सैकड़ों सेवादारों ने प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवा की और हालात पर काबू पाने में सहयोग दिया। इसके साथ ही शाह सतनाम जी मार्ग पर व ब्लॉक के विभिन्न गांवों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सेवादारों ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए प्रशासन का पूरा सहयोग किया। Welfare Work
जरूरतमंद कन्या के विवाह में सहयोग, पौधारोपण में निभाई भूमिका
ब्लॉक की साध-संगत ने आशीर्वाद मुहिम के अंतर्गत 6 कन्याओं के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान किया तथा शादी के लिए घरेलू उपयोग का समस्त आवश्यक सामान उपलब्ध करवाकर उनका सहयोग किया। इसके अतिरिक्त जीव सुरक्षा और नेचर कैंपेन के तहत साध-संगत ने पौधारोपण अभियानों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ब्लॉक कल्याण नगर के ब्लॉक प्रेमी सेवक मा. सतीश इन्सां ने बताया कि पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी
इन्सां की पवित्र शिक्षाओं का अनुसरण करते हुए ब्लॉक कल्याण नगर की साध-संगत ने वर्ष 2025 में 170 मानवता भलाई कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पूज्य गुरु जी के चरणों में अरदास है कि वर्ष 2026 में भी साध-संगत इसी तरह बढ़-चढ़कर सेवा कार्यों में योगदान देती रहे। Welfare Work
सच्चे नम्र सेवादार राकेश बजाज इन्सां ने बताया कि पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की शिक्षाओं पर चलते हुए ब्लॉक कल्याण नगर की साध-संगत ने वर्ष 2025 में समाज के हर वर्ग तक सेवा पहुंचाने का प्रयास किया। 170 मानवता भलाई कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों को राहत, सम्मान और नया संबल मिला हैं। उन्होंने कहा कि साध-संगत का संकल्प है कि वर्ष 2026 में भी सेवा, त्याग और करुणा की इस परंपरा को और अधिक मजबूत किया जाएगा।















