मुम्बई। कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद 84) की अर्धशतकीय पारियों के बाद मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और अक्षर पेटल (दो-दो विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शनिवार को टी-20 विश्वकप 2026 के तीसरे मुकाबले में अमेरिका को 29 रनों से हराया। 162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की शुरूआत बेहद खराब रही और उसने 13 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिये। ऐंड्रियस गौस (छह) को मोहम्मद सिराज ने आउट किया। इसके बाद अगले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने कप्तान मोनांक पटेल (शून्य) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। चौथे ओवर में सिराज ने साई तेजा एम (दो) का शिकार कर लिया। इसके बाद मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। 12वें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने मिलिंद कुमार को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा।
मिलिंद कुमार ने 34 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 34 रन बनाये। 16वें ओवर में अक्षर पटेल ने संजय कृष्णमूर्ति का शिकार किया। संजय कृष्णमूर्ति ने 31 गेंदों में एक चौका और दो छक्के उड़ाते हुए 37 रनों की पारी खेली। इसी ओवर की अगली ही गेंद पर अक्षर ने हरमित सिंह (शून्य) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। 18वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने मोहम्मद मोहसिन (आठ) को आउटकर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। मैच की आखिरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने शुभम रांजने (37) को आउट किया। अमेरिका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी और मुकाबला 29 रनों से हार गई। भारत के लिए मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिये। वरुण चक्रवर्ती ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरूआत अच्छी नहीं हुई और उसने अभिषेक शर्मा (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद तिलक वर्मा और इशान किशन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 37 रनों की साझेदारी हुई। छठें ओवर में शैडली वान शाल्कविक ने तीन विकेट झटक कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। इशान किशन (20), तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे (शून्य), हार्दिक पंड्या (पांच) रन पर आउट हुई। 77 रन पर छह विकेट गंवाने पर संकट में फंसी भारतीय टीम को अक्षर पटेल ने सूर्यकुमार यादव के साथ संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े। 17वें ओवर में हरमित सिंह ने अक्षर पटेल (14) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। अर्शदीप सिंह (चार) और वरूण चक्रवर्ती (शून्य) पर आउट हुये, हालांकि इस दौरान सूर्यकुमार यादव एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 161 रन का स्कोर बनाया। सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 84रनों की पारी खेली। अमेरिका के लिए शैडली वान शाल्कविक ने चार विकेट लिये। हरमित सिंह को दो विकेट मिले। अली खान और मोहम्मद मोहसिन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।















