हमसे जुड़े

Follow us

21.3 C
Chandigarh
Friday, February 13, 2026
More

    CBSE News: सीबीएसई ने लिया परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने का फैसला

    CBSE News

    CBSE Changed Examination System: नई दिल्ली (ब्यूरो)। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने वर्ष 2026 से परीक्षा प्रणाली में एक बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब कक्षा 12 की बोर्ड कॉपियों की जांच पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि कंप्यूटर स्क्रीन पर की जाएगी। इस नई व्यवस्था को आॅन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) कहा जा रहा है, जिसके जरिए उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन करके डिजिटल रूप में शिक्षकों को भेजा जाएगा और वे उन्हें कंप्यूटर पर ही जांचेंगे। यह कदम बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को ज्यादा तेज, पारदर्शी और गलती-रहित बनाने के लिए उठाया है। वहीं, कक्षा 10 की कॉपियों की जांच फिलहाल पहले की तरह ही हाथ से, यानी फिजिकल तरीके से ही जारी रहेगी। CBSE News

    इसीलिए किया जा रहा बदलाव: सीबीएसई का कहना है कि यह बदलाव शिक्षा प्रणाली को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम् कदम है। इससे कई फायदे होंगे जिसमें कॉपी जांच में होने वाली जोड़-घटाव की गलतियां खत्म होंगी, मूल्यांकन प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी बनेगी, रिजल्ट तैयार करने में कम समय लगेगा, मैनुअल काम कम होगा जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित होगी।

    शिक्षक अब अपने स्कूल से ही जांच सकेंगे कॉपियां: इस नए सिस्टम की एक खास बात यह है कि शिक्षकों को अब कॉपी जांचने के लिए किसी मूल्यांकन केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने ही स्कूल में बैठकर, नियमित काम करते हुए कॉपियों का मूल्यांकन कर सकेंगे। इससे समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी और ज्यादा शिक्षक इस प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। CBSE News

    स्कूलों को जरूरी तकनीकी सुविधाएं तैयार रखने को कहा

    इस नई प्रणाली को लागू करने के लिए बोर्ड ने स्कूलों को जरूरी तकनीकी सुविधाएं तैयार रखने को कहा है। इसके तहत स्कूलों में कंप्यूटर लैब, स्थिर इंटरनेट कनेक्शन (कम से कम 2 एमबीपीएस), विंडोज 8 या उससे ऊपर वाले कंप्यूटर, न्यूनतम 4 जीबी रैम, अपडेटेड ब्राउजर और सॉफ्टवेयर और निर्बाध बिजली व्यवस्था जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी।लागू करने से पहले होगा प्रशिक्षण और ट्रायल: सीबीएसई इस सिस्टम को सीधे लागू नहीं करेगा, बल्कि पहले शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। ड्राई रन, डेमो सेशन, वीडियो गाइड और हेल्प सेंटर के जरिए उन्हें पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी ताकि लागू होने के समय कोई परेशानी न आए।

    17 फरवरी से शुरू हो रही हैं परीक्षा: बता दें कि केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से कक्षा 12 और क्लास 10 की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 17 फरवरी से शुरू हो रहा है। सीबीएसई भारत और 26 देशों में इससे जुड़े 31,000 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी बोर्ड एग्जाम आयोजित कर रहा है। देश और विदेश में 8074 से ज्यादा सेंटर्स पर करीब 46 लाख विद्यार्थी ये परीक्षाएं देंगे। स्टूडेंट्स को सलाह दी जाती है कि नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी पैनी निगाह बनाए रखें। CBSE News

    क्या है ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम?

    ऑन-स्क्रीन मार्किंग एक डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली है, जिसमें छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं पहले स्कैन की जाती हैं। इसके बाद ये कॉपियां सुरक्षित ऑनलाइन सिस्टम पर अपलोड होती हैं और शिक्षक कंप्यूटर पर उन्हें देखकर अंक देते हैं। इस सिस्टम में सॉफ्टवेयर खुद ही कुल अंक जोड़ देता है, जिससे टोटलिंग की गलती की संभावना खत्म हो जाती है। अभी तक कई बार हाथ से जोड़ने में गलती हो जाती थी, जिससे छात्रों को बाद में वेरिफिकेशन के लिए आवेदन करना पड़ता था।