पुलिस ने पानी की बौछारें मारकर खदेड़ा
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब भाजपा आज विधानसभा का घेराव करने में नाकाम रही है। यहां तक कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने चंडीगढ़ सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय की मुख्य सड़क से भी आगे नहीं बढ़ने दिया। उनके आगे बढ़ने का प्रयास करने पर पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछारें कर उन्हें खदेड़ दिया। साथ ही दर्जनों कार्यकतार्ओं को बस में भरकर भाजपा कार्यालय से दूर ले जाया गया।
यह भी पढ़ें:– प्रदेश में हथियार सप्लाई करने वाले दो गैंगस्टर हथियारों सहित गिरफ्तार
पंजाब भाजपा और चंडीगढ़ पुलिस के बीच करीब एक घंटे तक संघर्ष जारी रहा, लेकिन मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने पिछली बार की तर्ज पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं को इस बार भी वहीं रोके रखा। यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए ट्रैफिक के पुलिसकर्मी भी सुबह से ही मौके पर मौजूद थे, लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा पानी की बौछारें करने के दौरान कुछ देर तक मुख्य सड़क पर आवाजाही को बंद रखा गया।
इससे पहले पंजाब भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब की मान सरकार के कार्यकाल में राज्य में कानून व्यवस्था बदतर होने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की जन विरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान है। आमजन को प्रदेश में रहना खतरे से खाली नहीं जान पड़ रहा। इसके अलावा भाजपा के अन्य नेताओं ने सम्बोधित करते हुए कहा कि पंजाब के हर क्षेत्र के लिए चुनौतियां खड़ी हैं। आपराधिक वारदातों की रोकथाम नहीं होने से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter, Instagram, LinkedIn , YouTube पर फॉलो करें।















