हमसे जुड़े

Follow us

28.2 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा गुरुग्राम में...

    गुरुग्राम में क्रिकेट विश्व कप फाइनल की ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ शेफाली वर्मा का हुआ सम्मान

    Gurugram News
    Gurugram News: गुरुग्राम में क्रिकेट विश्व कप फाइनल की ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ शेफाली वर्मा का हुआ सम्मान

    फाइनल मैच में 87 रन और दो विकेट लेकर भारत को दिलाई ऐतिहासिक जीत

    • विधायक मुकेश शर्मा एवं जिला प्रशासन ने किया सम्मानित

    गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर भारत को 52 रनों से ऐतिहासिक जीत दिलाने वाली भारतीय क्रिकेट टीम की खिलाड़ी शेफाली वर्मा का रविवार को गुरुग्राम में स्वागत एवं सम्मान किया गया। विधायक मुकेश शर्मा एवं जिला प्रशासन की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मेयर राजरानी मल्होत्रा भी मौजूद रही।

    महिला क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मैच में शेफाली वर्मा ने 87 रन बनाए थे और गेंदबाज़ी में भी 2 अहम विकेट लिए। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने यह ऐतिहासिक जीत हासिल की। उनके सम्मान समारोह के दौरान विधायक मुकेश शर्मा ने शेफाली वर्मा को शॉल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शेफाली ने हरियाणा सहित पूरे देश का नाम दुनिया में रोशन किया है। यह उपलब्धि केवल खेल की नहीं, बल्कि सपनों को सच करने की मिसाल है।

    शैफाली जैसी बेटियां भारत का चेहरा |

    मुकेश शर्मा ने कहा कि शेफाली जैसी बेटियाँ आज नए भारत का चेहरा हैं। उन्होंने साबित किया है कि मेहनत और हिम्मत के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। यह युवाओं और खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का संदेश है कि लक्ष्य कितना भी बड़ा क्यों न हो, दृढ़ संकल्प के साथ उसे प्राप्त किया जा सकता है।

    आगे भी भारत के तिरंगे का सम्मान बढ़ाऊंगी: शैफाली

    सम्मान ग्रहण करते हुए शेफाली वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने उन्हें हौसला, जज्बा और जीतने की ताकत दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल मेरा नहीं, पूरे देश और उन सभी लोगों का है जिन्होंने मुझे हमेशा प्रोत्साहित किया। यह मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खेलकर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर और ऊँचा करने का प्रयास करती रहूँगी।

    उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि सपने बड़े रखें, मेहनत सच्ची रखें, सफलता ज़रूर मिलेगी। इस अवसर पर गुरुग्राम के एसडीएम परमजीत चहल, सीटीएम सपना यादव, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार तथा गुरुग्राम क्रिकेट एसोसिएशन के काउंसलर अनूप सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। Gurugram News

    यह भी पढ़ें:– Canada dollar: भारत के 100 रुपए ट्रूडो के कनाडा में जाकर कितने हो जाते हैं? जब आप सुनेंगे तो चौंक जाएंगे