देवेन्द्र देशवाल के बेटे को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली, गम्भीर

Kairana News
Kairana News: देवेन्द्र देशवाल के बेटे को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली, गम्भीर

कैराना में स्थित यमुना बांध की बताई रही घटना, पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी

  • डेढ़ माह पूर्व देवेन्द्र देशवाल की गांव मामौर के जंगल में कर दी गई थी निर्मम हत्या

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: यमुना बांध पर मृतक किसान देवेन्द्र देशवाल के बेटे को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। घायल युवक को गम्भीर अवस्था में पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त युवक जीरी भरने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली से मामौर के जंगल में स्थित अपने खेत पर जा रहा था। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। विदित रहे कि हरियाणा के गांव कुराड़ निवासी देवेन्द्र देशवाल की विगत 16 जून को गांव मामौर के जंगल में चाकुओं से गोदने के बाद गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। Kairana News

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हरियाणा के जनपद पानीपत के सनौली खुर्द थानाक्षेत्र के गांव कुराड़ निवासी रोहित जीरी भरने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली से कैराना क्षेत्र के गांव मामौर में स्थित अपने खेत पर जा रहा था। दो अन्य व्यक्ति भी उसके साथ में ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार थे। आरोप है कि इसी दौरान यमुना बांध पर बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने रोहित पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि गोली रोहित के पैर में जाकर लगी। घटना को अंजाम देने के पश्चात आरोपी मौके से फरार हो गए।

गोली लगने से घायल हुए युवक रोहित को उपचार के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर गम्भीर हालत में चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पानीपत के एक निजी अस्पताल में घायल युवक रोहित का उपचार चल रहा है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह का कहना है कि हरियाणा के युवक को गोली लगने की सूचना उन्हें मिली थी, जिस पर वह जांच के लिए यमुना बांध पर गए थे। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच-पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

डेढ़ माह पूर्व किसान देवेंद्र की कर दी गई थी निर्मम हत्या | Kairana News

विगत 16 जून को हरियाणा के जनपद पानीपत के सनौली खुर्द थानाक्षेत्र के गांव कुराड़ निवासी किसान देवेंद्र देशवाल की गांव मामौर के जंगल में चाकुओं से गोदने के बाद गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र रोहित ने गांव मामौर निवासी नदीम, शोबान व फरमान के खिलाफ स्थानीय कोतवाली पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए हत्यारोपी फरमान व नदीम को घटना वाले दिन शाम को ही गिरफ्तार कर लिया था।

आरोपी नदीम के पैर में मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली भी लगी थी। जबकि तीसरे आरोपी शोबान का पुलिस अभिरक्षा में मेरठ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था, जिसे विगत 26 जून को हत्या में प्रयुक्त तमंचे व छुरी के साथ में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। मामले में हिंदूवादी संगठन के लोग हत्यारोपियों पर रासुका लगाए जाने की मांग कर चुके है।

देवेंद्र की हत्या में कुछ और लोगो के शामिल होने की बात कह चुके है परिजन

किसान देवेन्द्र देशवाल हत्याकांड में पुलिस तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है, लेकिन मृतक के परिजन पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट नही है। वह देवेंद्र की हत्या में कुछ और लोगो के शामिल होने की बात कहते आ रहे है, जिसके सम्बन्ध में मृतक देवेन्द्र की पत्नी ने अपने पुत्र रोहित व अन्य परिजनों के साथ में कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह से मुलाकात की थी। कोतवाली प्रभारी ने भी उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। इसी बीच शनिवार को मृतक देवेन्द्र के पुत्र को गोली लगने की घटना सामने आई है। हालांकि युवक को गोली लगने की घटना की कोतवाली पुलिस प्रत्येक बिंदु से जांच कर रही है। Kairana News

यह भी पढ़ें:– पंचायत सचिव ने ग्राम प्रधान पक्ष के लोगों को बेच दी कुरड़ी खाद