हमसे जुड़े

Follow us

19.3 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान जिस तरह से आई...

    जिस तरह से आई पर्ची की सरकार, उसी तरह जाएगी वापस: सुरेन्द्र दादरी

    Hanumangarh News
    Hanumangarh News: जिस तरह से आई पर्ची की सरकार, उसी तरह जाएगी वापस: सुरेन्द्र दादरी

    हमेशा से लोकतंत्र की सच्ची रक्षक रही कांग्रेस, आगे भी रहेगी: पूसाराम गोदारा

    • जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में टिब्बी में जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली आयोजित | Hanumangarh News

    हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Hanumangarh News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी से प्राप्त निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के नेतृत्व में जिला स्तरीय संविधान बचाओ रैली का आयोजन शनिवार को टिब्बी स्थित अग्रवाल पैलेस में किया गया। डीसीसी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी की अध्यक्षता में आयोजित रैली में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। संविधान बचाओ रैली की शुरुआत पहलगाम आतंकी हमले व ऑपरेशन सिंदूर में शहीद जवानों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट के मौन के साथ की गई। इसके बाद सेवादल की ओर से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गान किया गया। Hanumangarh News

    रैली को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रतनगढ़ विधायक, पीसीसी प्रभारी महामंत्री पूसाराम गोदारा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार हमारे संवैधानिक मूल्यों पर आघात कर रही है, अपने खिलाफ उठने वाली विरोध की हर आवाज को कुचलने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान देश की आत्मा है, इसे कमजोर करने वाली हर ताकत का मिलकर मुकाबला करना होगा। कांग्रेस हमेशा से लोकतंत्र की सच्ची रक्षक रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर कांग्रेस की रीति-नीति से लोगों को अवगत कराएं। इसी के साथ देश के विकास में कांग्रेस पार्टी के योगदान के बारे में भी लोगों को जागरूक करें। रैली के पीसीसी प्रभारी महेंद्र गहलोत ने केन्द्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जांच एजेंसियों का लगातार दुरुपयोग कर लोगों को परेशान करने का काम कर रही है।

    जब से राज्य में भाजपा सरकार आई है, तबसे लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से बजट में लोक लुभावनी घोषणाएं तो कर दी गईं, लेकिन उन घोषणाओं के आधे से ज्यादा काम धरातल पर नहीं हुए हैं। ऐसे में इन घोषणा का कोई भी महत्व नहीं रह जाता है। डीसीसी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान को कमजोर कर रही है। देश में संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। पंचायतीराज और नगर निकाय के चुनाव पांच साल में होने चाहिए, लेकिन इस नियम की भी अवहेलना हो रही है। लोगों को तीन-तीन महीने से पेंशन नहीं मिल रही। लोग कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। ऐसे में जिस तरह से यह पर्ची की सरकार आई है, उसी तरह से यह पर्ची की सरकार वापस भी जाएगी। विधायक अभिमन्यु पूनिया ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा लोगों को जाति-धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है।

    बीजेपी राज में लोग बिजली और पानी की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रैली जनहित के मुद्दों को उठाने और संविधान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का मंच है। विधायक अमित चाचाण ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को बताना चाहिए था कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चौधराहट करके सीजफायर क्यों करवाया। पीओके पर बयान देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान, अधिकारों व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की पुकार है। हम सबको संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा। विधायक विनोद गोठवाल व जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला हो रहा है। ऐसे वक्त में हर जागरूक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान की रक्षा के लिए आगे आए। भादरा से पार्टी प्रत्याशी अजीत बेनीवाल ने कहा कि यह रैली केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का जनसंकल्प है।

    पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल व पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि आज भाजपा सरकार की ओर से जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों से कहा कि सभी की उपस्थिति, समर्थन ने यह सिद्ध कर दिया कि हनुमानगढ़ की जनता संविधान और लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह जागरूक है। टिब्बी ब्लॉक अध्यक्ष हरनेक सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन गुरमीत सिंह चन्दड़ा व रामेश्वर चांवरिया ने किया। रैली में जनप्रतिनिधि, डीसीसी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठन, विभाग-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पंचायतराज और स्थानीय निकाय के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में सेवादल की ओर से राष्ट्र गान जन, गण, मण गाया गया। Hanumangarh News

    यह भी पढ़ें:– Road Accident: ग्रेफ चौराहे पर पलटी तूड़ी से भरी ट्रॉली