हमसे जुड़े

Follow us

19.7 C
Chandigarh
Saturday, February 28, 2026
More

    Fatehabad: दिनदहाड़े घर में घुसकर दो बहनों पर चाकू से हमला, एक की मौत, दूसरी गंभीर

    फतेहाबाद (विनोद शर्मा)। भाटिया कॉलोनी में सोमवार को एक युवक द्वारा घर में घुसकर दो बहनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवती ने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बहन को गंभीर रूप हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी सुभाष चन्द्र ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मिली जानकारी के अनुसार भाटिया कॉलोनी निवासी सुरेश तनेजा अपने बेटे सन्नी के साथ दिल्ली में जूतों की फैक्टरी चलाते हैं। सुरेश की दो बेटियां हैं। इनमें से एक बेटी 24 वर्षीय प्रिया तनेजा जहां चण्डीगढ़ में नौकरी करती है। वहीं 22 वर्षीय योगिता चण्डीगढ़ में एसडी कॉलेज से बीए आॅनर्स में ग्रेजुएशन कर रही थी।

    कुछ दिन पहले ही दोनों बहनें अपने घर फतेहाबाद आई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर को गाँव दौलतपुर निवासी संदीप नामक युवक इनके घर आया और दोनों बहनों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के कारण दोनों बहनों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग वहां इकट्ठा होने लगे तो हमलावर युवक वहां से फरार हो गया। बाद में लोगों ने घायल दोनों बहनों को उपचार के लिए एम्बुलेंस द्वारा सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया जहां, चिकित्सकों ने योगिता को मृत घोषित कर दिया जबकि प्रिया की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।

    बताया जाता है कि हमलावर युवक पहले तनेजा परिवार के घर में ही रहता था। 15 दिन पहले भी उसने सुरेश तनेजा की पत्नी रेनू तनेजा के साथ झगड़ा किया था। उस समय उसने रेनू तनेजा के हाथ में चोट भी मारी थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों का राजीनामा हो गया था, इसलिए कोई केस दर्ज नहीं हुआ था। इस घटना को लेकर सिटी एसएचओ ओमप्रकाश चुघ ने कहा कि गांव दौलतपुर निवासी युवक ने दो युवतियों पर चाकू से हमला किया है। इनमें से एक की मौत हो गई है जबकि दूसरी को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच चल रही है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here