मुंबई (एजेंसी)। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 26 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 2.334 अरब डॉलर घटकर 700.236 अरब डॉलर रह गया, हालांकि स्वर्ण भंडार लगातार पांचवें सप्ताह बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह लगातार दूसरा सप्ताह है, जब विदेशी मुद्रा के देश के भंडार में गिरावट दर्ज की गयी है। इससे पहले, 19 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 39.6 करोड़ डॉलर घटकर 702.57 अरब डॉलर रह गया था। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 4.393 अरब डॉलर घटकर 581.757 अरब डॉलर पर आ गयी।
इसी दौरान, स्वर्ण भंडार 2.238 अरब डॉलर बढ़कर 95.017 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो इसका अब तक का उच्चतम स्तर है। स्वर्ण भंडार लगातार पांचवें सप्ताह बढ़ा है। आलोच्य सप्ताह में विशेष आहरण अधिकार नौ करोड़ डॉलर घटकर 18.789 अरब डॉलर और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 8.9 करोड़ डॉलर की कमी के साथ 4.673 अरब डॉलर रह गयी। विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत अब रूस से पिछड़कर दुनिया में पांचवें स्थान पर आ गया है। चीन, जापान और स्विटजरलैंड क्रमश: पहले तीन स्थान पर हैं। स्वर्ण भंडार को हालांकि छोड़ दिया जाये, तो भारत अब भी चौथे स्थान पर कायम है।