पुलिस ने बरामद की लूटी गई सोने की बालियां और बाइक
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने वृद्ध महिला से चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की बालियां और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैसल खान ने बताया कि ऐलनाबाद क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 निवासी एक वृद्ध महिला ने शिकायत दी थी कि वह घर पर अकेली रहती है। 27 फरवरी को दोपहर में चार युवक बाइक पर आए और तीन युवक घर में घुस गए। दो युवकों ने महिला के हाथ पकड़ लिए, जबकि तीसरे ने चाकू दिखाकर उसके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। इसके बाद आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और उसे जमीन पर गिराकर मौके से फरार हो गए। Sirsa News
आरोपियों को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने तलवाड़ा खुर्द बाइपास क्षेत्र से चारों आरोपियों को बाइक सहित काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतू उर्फ जीत सिंह पुत्र रामस्वरूप, जयकिशन पुत्र मक्खन सिंह, राजेश कुमार पुत्र मक्खन सिंह निवासी तलवाड़ा खुर्द तथा आकाशदीप पुत्र दलबीर राम निवासी वार्ड नंबर 2, सूरतगढ़ जिला गंगानगर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए लूट व छीना-झपटी जैसी वारदातें करते हैं। गिरफ्तार आरोपी जीतू उर्फ जीत सिंह और आकाशदीप सिंह के खिलाफ पहले से ही चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया, जिसके दौरान उनकी निशानदेही पर लूटी गई सोने की बालियां बरामद की गईं। आरोपियों को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। मामले की गहन जांच जारी है। Sirsa News















