मुंबई (एजेंसी)। आईटी कंपनियों पर दबाव से घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह गिरावट देखी गयी और अब आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों पर ज्यादा रहेगी। घरेलू स्तर पर अगले सप्ताह आयात-निर्यात के आंकड़े जारी होने हैं। इससे बाजार में निवेश धारणा प्रभावित हो सकती है। निवेशक वैश्विक कारकों से संकेत लेकर अपनी रणनीति तय कर सकते हैं। बीते सप्ताह आईटी कंपनियों में बड़ी गिरावट देखी गयी। इसका प्रमुख कारण एक अमेरिकी कंपनी द्वारा एआई समर्थित एक ऐसे टूल के विकास की खबर है जिससे भारतीय आईटी कंपनियों को मिलने वाले आॅर्डर के प्रभावित होने की आशंका है।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 953.64 अंक (1.14 प्रतिशत) की साप्ताहिक गिरावट में शुक्रवार को 82,626.76 अंक पर बंद हुआ। इसमें पहले दो दिन तेजी और बाद के तीन दिन गिरावट रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की निफ्टी-50 सूचकांक भी 222.60 अंक यानी 0.87 फीसदी उतरकर सप्ताहांत पर 25,471.10 अंक पर रहा।
मझौली कंपनियों के निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 0.37 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि छोटी कंपनियों का निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.56 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
सेंसेक्स में सबसे ज्यादा साप्ताहिक नुकसान उठाने वाली चारों कंपनियां आईटी क्षेत्र की रहीं। इंफोसिस का शेयर 9.12 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 8.70 प्रतिशत, टीसीएस का 8.48 प्रतिशत और टेक महिंद्रा का 5.18 प्रतिशत गिर गया।
एफएमसीजी कंपनियों में हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 4.89 फीसदी और आईटीसी का 3.82 फीसदी गिर गया जबकि ट्रेंट में 3.22 प्रतिशत की तेजी रही। बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक का शेयर सेंसक्स में सबसे ज्यादा 12.42 प्रतिशत उछला। बजाज फाइनेंस में 4.32 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 0.55 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 0.01 प्रतिशत की तेजी रही। एचडीएफसी बैंक ने सबसे ज्यादा 3.77 प्रतिशत का नुकसान उठाया। एक्सिस बैंक का शेयर 0.58 फीसदी और कोटक महिंद्रा बैंक का 0.34 फीसदी टूट गया।
बिजली कंपनियों में पावरग्रिड का शेयर 1.88 प्रतिशत और एनटीपीसी का 0.59 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.13 प्रतिशत लुढ़क गया। अडानी पोर्ट्स में 1.97 प्रतिशत, दूरसंचार कंपनी भारती एय़रटेल में 1.66 प्रतिशत और एशियन पेंट्स में 1.60 प्रतिशत की गिरावट रही। बिक्री के अच्छे आंकड़े आने से मारुति सुजुकी का शेयर 1.51 प्रतिशत चढ़ गया जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.2 फीसदी की गिरावट रही। इस्पात विनिमार्ता टाटा स्टील का शेयर 3.12 प्रतिशत और निर्माण कंपनी एलएंडटी का 2.59 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.88 फीसदी और बीईएल में 1.36 प्रतिशत की तेजी रही। टाइटन का शेयर 0.95 फीसदी और इटरनल का 0.62 प्रतिशत की बढ़त में रहा। विमान सेवा कंपनी इंडिगो के शेयर में 0.37 प्रतिशत और दवा कंपनी सनफार्मा में 0.20 प्रतिशत की तेजी रही।















